राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित ग्राम वलीदपुर के समीप ईंट भरकर ला रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। जिससे ट्रैक्टर सवार एक व्यक्ति नीचे गिर गया। उसकी ट्रक के नीचे दब जाने से मौके पर ही मौत हो गई।
शामली के ग्राम किवाना निवासी अमरपाल (40) पुत्र हरफूल मुजफ्फरनगर निवासी राकेश के यहां ट्रैक्टर-ट्रॉली पर मजदूरी करता था। बताया कि रात्रि में वह मुजफ्फरनगर से ईंट लेकर मेरठ आ रहे थे। इसी बीच वलीदपुर गांव के सामने पीछे से आ रहे ट्रक चालक ने टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ट्रैक्टर सवार अमरपाल सड़क पर गिर गया। इसी दौरान ट्रक के नीचे दबकर उसकी मौत हो गई। सूचना पाकर पहुंची दौराला पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेया। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को पकड़ने का भी प्रयास किया। वहीं, मृतक के भाई प्रवेश ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। वहीं, एसओ दौराला धर्मेद्र कुमार का कहना है कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत
दौराला। मोदीनगर की संतपुरी कॉलोनी निवासी 42 वर्षीय सुरेंद्रपाल सिंह की बाइक को दौराला के समीप तुलसी ढाबे पर अज्ञात वाहन ने रात्रि में टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार घायल हो गया। घायल को टोल कर्मचारियों ने मोदीपुरम के एसडीएस ग्लोबल अस्पताल में भर्ती कराया। वहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, मृतक के बहनोई नरेंद्र ने दौराला थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
युवक की गुमशुदगी दर्ज कराई
दौराला। ग्राम कनौड़ा निवासी 24 वर्षीय लोकेश बीते पांच दिन से घर से लापता है। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका। वहीं, लापता युवक की पत्नी पूजा ने दौराला थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई है।