मोदीपुरम (मेरठ)।
डायरेक्टर संजय लीला भंसाली द्वारा बनाई जा रही फिल्म पद्मावती में इतिहास के साथ छेड़छाड़ की गई है। फिल्म के विरोध में सभी भारतीयों को एकजुट होकर आगे आना चाहिए। यदि फिल्म का प्रदर्शन नहीं रुका तो सिनेमाघर नक्शे से ही खत्म कर दिए जाएंगे। यह बात बृहस्पतिवार को मोदीपुरम में आयोजित प्रेस वार्ता में अखिल भारतीय राजपूताना परिवार महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. जयचंद भदौरिया ने कही।
मोदीपुरम बाईपास पर एक रेस्टोरेंट में पत्रकारों से बात करते हुए अध्यक्ष डॉ. जयचंद भदौरिया ने कहा कि इतिहास और संस्कार के साथ छेड़छाड़ नहीं होनी चाहिए। यदि इन दोनों के साथ कोई छेड़छाड़ करे तो हम भारतीयों को एकजुट होना चाहिए। यह किसी एक समाज का नहीं राष्ट्रीय एकता का मुद्दा है। इस पर सभी वर्गों को आगे आना चाहिए। फिल्म इंडस्ट्री इतिहास के साथ छेड़छाड़ कर उनका मजाक उड़ा रही है। डायरेक्टर संजय लीला भंसाली ने हमेशा फिल्मों में इतिहास को गलत तरीके से पेश किया है। हमें जाति आधार पर न लड़कर राष्ट्रीय मुद्दा बनाकर लड़ना होगा। महासभा हमेशा से ही इतिहास को गलत बताने वालों के विरोध में रही है। उन्होंने कहा कि सभी इसके लिए एकजुट होकर आगे आएं और फिल्म का विरोध करें। इस दौरान संयुक्त व्यापार मंडल के प्रदेश उपाध्यक्ष मधु चौधरी, प्रवीन सिंघल आदि मौजूद रहे।