माछरा। ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम कैलीरामपुर में सीएचसी केंद्र प्रभारी एवं स्टाफ ने रविवार को स्वास्थ्य कैंप लगाया। यहां बुखार पीड़ितों की जांच कर दवा दी। वहीं, ग्रामीणों ने क्षेत्र के प्रत्येक गांव में कैंप लगाकर फैल रही गंभीर बीमारी की रोकथाम के उपाय करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
ब्लॉक माछरा एवं सीएचसी अंतर्गत आने वाले अधिकतर गांवों में बुखार पीडितों की तादाद निरंतर बढ़ रही है। जिसके चलते फतेहपुर नारायण गांव में पिछले एक सप्ताह में आठ लोगों की मौत हो चुकी है। ग्रामवासियों का कहना है कि प्रत्येक परिवार में कई-कई लोग पीड़ित हैं। इनमें से कई लोग डेंगू की चपेट में हैं। रविवार को ब्लॉक के ग्राम बहरोड़ा निवासी 50 वर्षीय यामीन पुत्र तौसीफ की बुखार के चलते मौत हो गई। इससे ग्रामवासियों में दहशत है। वहीं, सीएचसी प्रभारी डॉ. आलोक नायक का कहना है कि बुखार पीड़ितों को समय रहते मेडिकल कॉलेज में जांच करानी चाहिए। कैलीरामपुर में स्वास्थ्य कैंप के दौरान डा. आलोक नायक, गौरव एवं अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।