गांव जाहिदपुर में समुदाय विशेष के लोगों ने श्मशान की जमीन कब्जा करके एक ही रात्रि में अवैध निर्माण खड़ा कर दिया था। जिसमें मौके पर पहुंची राजस्व विभाग की टीम ने कब्जा को अवैध ठहरा दिया। इसके बावजूद दूसरे दिन तक भी कोई कार्रवाई नहीं की गई। इससे क्षुब्ध ग्रामीणों ने कमिश्नर से शिकायत करने की चेतावनी दी है।
मिश्रित आबादी वाले गांव जाहिदपुर में करीब 8.5 बीघा जमीन श्मशान के नाम थी। गांव के लोगों ने कुछ हिस्से पर कब्जा कर लिया। बीती बुधवार रात्रि में गांव के ही समुदाय विशेष के एक व्यक्ति ने जमीन पर अवैध रूप से कब्जा कर निर्माण करा दिया। बृहस्पतिवार सुबह ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। इस पर पुलिस ने अवैध निर्माण रुकवा दिया था। जमीन की पैमाइश कराने के लिए राजस्व विभाग की टीम को बुलाने के लिए कहा था। जिसमें ग्रामीणों ने नगर निगम और राजस्व विभाग को मामले की जानकारी दी थी। जिसमें दोपहर में राजस्व निरीक्षक के नेतृत्व में तहसील की ओर से एक लेखपाल एवं नगर निगम की ओर से दूसरा लेखपाल मौके पर पहुंचे थे। राजस्व निरीक्षक के अनुसार जांच में कब्जा एवं निर्माण दोनों ही अवैध पाये गये। हालांकि राजस्व विभाग की टीम एवं पुलिस ने ठोस कार्रवाई नहीं की। इस पर ग्रामीण एसडीएम के यहां शिकायत लेकर पहुंचेे। शुक्रवार देर शाम तक भी निर्माण ज्यों का त्यों खड़ा रहा। वहीं, आरोपी के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज नहीं कराया गया। इससे ग्रामीणों में रोष है। उनका आरोप है कि पुलिस ने दोषियाें के खिलाफ कार्रवाई नहीं करके करीब एक दर्जन ग्रामीणों को मुचलका पाबंद कर दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि शनिवार को कमिश्नर से इस मामले में शिकायत की जायेगी। वहीं थानाध्यक्ष प्रमोद गौतम का कहना है कि पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ मुचलका की कार्रवाई की है। इस मामले में राजस्व विभाग ही रिपोर्ट दर्ज करायेगा।