शामली में पांच लाख रुपये की रंगदारी नहीं देने पर चार हमलावरों ने प्रापर्टी डीलर के कार्यालय में घुसकर उस पर जानलेवा हमला कर दिया। हमलावर एक लाख रुपये लूटकर फरार हो गए। उधर, गंभीर रूप से घायल प्रॉपर्टी डीलर को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मोहल्ला दरबारखुर्द निवासी इनाम प्रॉपर्टी डीलर है। शुक्रवार को प्रॉपर्टी डीलर इनाम ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि शाम के समय वह अपने घर पर बैठा हुआ था। इस बीच उसके मोहल्ले के ही बाइक सवार चार लोग हाथों में तमंचे, लाठी-डंड़े व तलवार लेकर उसके घर में घुस आए। आरोप है कि आरोपी उसकी कनपटी पर तमंचा लगाकर पांच लाख रुपये की रंगदारी की मांग करने लगे। उसके द्वारा रंगदारी देेने से मना करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू करते हुए सिर में तलवार से हमला कर दिया, जिसमें वह घायल हो गया। इनाम ने बताया कि आरोपी उसकी जेब में रखी एक लाख रुपये की नकदी लूटकर फरार हो गए। पीड़ित ने कोतवाली मेें एक नामजद व तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस घायल इनाम का मेडिकल कराकर तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी। वहीं, बाद में आरोपी पक्ष भी पांच साल के घायल बच्चे को साथ लेकर कोतवाली पहुंचा तथा बताया कि इनाम की बाइक ने उनके बच्चे को टक्कर मार कर घायल कर दिया था। जब वह इनाम से इसके बारे में कहने गए। इस पर नाम ने उनके साथ झगड़ा किया। पुलिस ने घायल बालक को भी मेडिकल के लिए अस्पताल भेज दिया। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/