गांधारी तालाब परिसर में रविवार को छठ दंगल का आयोजन
परीक्षितगढ़।
नगर के गांधारी तालाब परिसर में रविवार को छठ दंगल का आयोजन किया गया। इसमें दूरदराज से आए पहलवानों ने दम दिखाया। वहीं दंगल को देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ी।
सालों से नगर के गंधारी तालाब परिसर में हिंद केसरी बुंदी पहलवान की याद में छठ दंगल का आयोजन किया जाता है। इसमें हरियाणा, मुजफ्फरनगर, बागपत, सोनीपत, गाजियाबाद, भूमा, मवाना और दूरदराज से पहलवान कुश्ती लड़ने आते हैं। रविवार को दंगल का उद्घाटन पूर्व ब्लॉक प्रमुख सरदार सिंह और भाजयुमो जिला महामंत्री अमित मोहन टीपू व हरिश्चंद्र वैद्य ने किया। पहली कुश्ती दीपक भहमेटा व बॉबी बहलौलपुर नोएडा के बीच हुई। इसमें दोनों पहलवानों की कुश्ती बराबर रही। वहीं मुकेश किला ने संदीप भूमा को शिकस्त दी। सौरभ रिठानी व शिवम भूमा के बीच कुश्ती जबरदस्त रही। बिना हार जीत उनकी कुश्ती बराबर पर छूटी। चम्पत किला और नदीम लोनी की कुश्ती भी बराबर पर छूटी। दंगल के रेफरी गुलजार पहचान व रूपचंद रहे। संचालन रामनारायण शर्मा ने किया। कुश्ती के आयोजक संदीप पहलवान व चम्पत पहलवान ने खिलाड़ियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस मौके पर गुल्लु प्रधान, बिजेन्द्र लौहरे, डॉ महेन्द्र वर्मा, विष्णुअवतार रूहेला, सतेन्द्र गुर्जर, गजेन्द्र, रोहताश पहलवान, बलजौरा पहवान, जयवीर पहलवान, नरेन्द्र पहवालन आदि मौजूद रहे।