मवाना। किसान सभा ने मंडलायुक्त के नाम उपजिलाधिकारी को ज्ञापन देकर मंडलायुक्त द्वारा भ्रष्ट अधिकारियों तथा कर्मचारियों के खिलाफ की गई कार्रवाई का समर्थन किया है। इस कार्रवाई से भ्रष्ट तंत्र में भय बना है। उन्होंने कहा कि वे इस कार्रवाई में मंडलायुक्त के साथ हैं।
किसान सभा ने मंडलायुक्त के नाम एसडीएम अंकुर श्रीवास्तव को दिए ज्ञापन में कहा कि पूरा समाज भ्रष्ट आचरण करने वाले तंत्र के कारण शोषण का शिकार है। हर भ्रष्ट अधिकारी एवं कर्मचारी अपने अधिकार का प्रयोग पूरे समाज का शोषण करने में करता है। जिसका नतीजा होता है कि हताश, निराश समाज के लोग भ्रष्ट तंत्र के हाथों लुटते हैं। समाज को विश्वास हो गया है कि बगैर सुविधा शुल्क समाज का कोई कार्य नहीं होगा। ज्ञापन में मडंलायुक्त द्वारा भ्रष्टतंत्र के खिलाफ उठाए दंडात्मक कार्रवाई की सराहना की। उन्होंने कहा कि इससे भ्रष्टतंत्र में भय बना है तथा समाज में विश्वास जगा है। किसान सभा इस कार्रवाई में मंडलायुक्त के साथ है। ज्ञापन देने वालों में जितेंद्रपाल सिंह, राजपाल शर्मा, महा सिंह, बिल्लू, महमपाल, गोपाल सिंह आदि थे।