सड़क हादसे में बाइक सवार चार घायल
बहसूमा (ब्यूरो)। शाहपुर बटावली मार्ग पर बीती रात दो बाइक की टक्कर में चार युवक घायल हो गये। शाहपुर निवासी मामचंद और बृह्मानंद सैनी बाइक से बहसूमा आ रहे थे। मार्ग में सामने से आते सुभाष और कपिल की बाइक से उनकी बाइक टकरा गई। हादसे में चारों लोग गंभीर रुप से घायल हो गये। हादसे में घायलों को मेरठ अस्पताल में भर्ती किया गया। वहीं, कपिल और ब्रह्मानंद की हालत गंभीर बताई गई। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइक को कब्जे में ले लिया।
वृद्ध महिला की चोटी कटी
बहसूमा (ब्यूरो)। कस्बा निवासी वृद्धा रोशनी देवी की बारह घंटे में दो बार चोरी कट गई। मोहल्ला सड़क वाला निवासी डाक्टर विकास कटारिया ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह करीब आठ बजे वह चेयर पर बैठी चाय पी रही थी। इस बीच उसकी चोटी कट गई। इस बीच काफी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गये।
आम की लकड़ी से लदी ट्रैक्टर ट्राली पकड़ी
बहसूमा (ब्यूरो)। पुलिस ने झुनझुनी मार्ग से आम की लकड़ी से लदी ट्रैक्टर ट्राली पकड़ ली। पुलिस के अनुसार झुनझुनी के जंगल में फलदार आम के वृक्ष को बिना अनुमति काट दिया गया। एसओ ने कहा कि ट्राली को सीज कर कार्रवाई की जाएगी।
टिकौली शुगर मिल वर्कर्स यूनियन की बैठक
बहसूमा (ब्यूरो)। रामराज स्थित कैंप कार्यालय पर बृहस्पतिवार को टिकौला शुगर मिल वर्कर्स यूनियन की बैठक हुई। मिल कर्मचारियों ने बुनियादी सुविधाओं की मांग की। बैठक में मुख्य अतिथि यूनियन के प्रदेश मंत्री अक्षय लाल ने कहा कि यूनियन कर्मचारियों के हितों की लड़ाई लड़ने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मिल प्रबंधन मिल कर्मचारियों का 18 सालों से शोषण कर रही है। बैठक का संचालन विरेंद्र यादव, यूनियन अध्यक्ष पूर्व एमएलसी रामयश सिंह, पदाधिकारी रविंद्र गुर्जर, सुधीर कुमार, नवीन कुमार, गजेंद्र सिंह, योगेंद्र पाल सिंह, सुधीर कुमार, ओमवीर, हरवीर, प्रमोद तंवर, ब्रह्म पाल त्यागी, नवाब, पंकज, आलोक, इंद्रपाल, आदेश, अमन सिंह रहे।
शिव मंदिर में कैंप का आयोजन
बहसूमा (ब्यूरो)। व्यापार मंडल के तत्वाधान में रामलीला मैदान शिव मंदिर परिसर में कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में व्यापारियों ने इलेक्ट्रानिक काटे, बांट, तराजू पर सरकारी दर से मोहर लगाई गई। व्यापारी नेता विपुल गोयल ने बताया कि व्यापारियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए विशेष कैंप लगवाया गया है। इस मौके पर नवनीत, विशाल सिंघल, राजू सिंघल, अमन गोयल, बाबी का सहयोग रहा।
नगर पंचायत ने चलाया सफाई अभियान
बहसूमा (ब्यूरो)। नगर पंचायत की तरफ सफाई अभियान चलाया गया। मोहम्मद कामिल ने बताया कि प्रमुख गृह सचिव के निर्देश पर 17 से 25 तक नगर पंचायत में सफाई अभियान चलाया जाएगा। कस्बे में मोहल्ला मंगल बाजार, चेनपुरा में सड़कों पर सफाई और नाली से कूड़े के ढेर उठाए गए। इस मौके पर संजय कुमार, संदीप, अजीत, भुवनचंद, अशोक आदि रहे।
पुलिस ने शांतिभंग में चालान किया
बहसूमा (ब्यूरो)। पुलिस ने अकबरपुर सादात निवासी जिलेदार और कय्यूम को गिरफ्तार कर शांतिभंग में चालान किया। पुलिस ने बताया कि आरोपी शराब पीकर हंगामा कर रहा था।