अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ।
थाना लालकुर्ती क्षेत्र में बृहस्पतिवार को एक वाहन में कटान के लिए जा रहे गोवंश को बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने कोरल स्प्रिंग कॉलोनी के पास पकड़ लिया। इसी बीच वाहन सवार दो युवक फरार हो गए। जबकि चालक को कार्यकर्ताओं ने दबोच लिया। उसे पीटने के बाद भावनपुर थाना पुलिस के हवाले कर दिया। इस दौरान दर्जनों कार्यकर्ताओं ने थाने पर हंगामा कर जई, नंगलाशाहू, पचपेडा, औरंगाबाद, सहित कई गांवों में लगातार हो रही गौकशी की घटनाओं को लेकर पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया।
भावनपुर थाना क्षेत्र के गांव बक्सर निवासी दिलदार पुत्र इरफान छोटा हाथी में एक गाय और बछडे़ केे कटान के लिए गांव जई ले जा रहा था। परीक्षितगढ़ रोड स्थित कोरल स्प्रिंग कालोनी के पास बजरंगदल के महानगर संयोजक अर्जुन राठी ने कार्यकर्ताओं के गाड़ी को रुकवा लिया। सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की जानकारी कर वाहन को थाने ले गई। बजरंगदल कार्यकर्ता भी थाने पर पहुंच गए और हंगामा किया। हंगामे के दौरान बजरंगदल कार्यकर्ता प्रवीन राणा, टीनी छिलौरा, भूरा, अमरजीत, पृथ्वीराज, निशांत काम्बोज, मोहित शर्मा, नोनू पंडित, राजू त्यागी, आदि मौजूद रहे।
लंबे समय से कर रहे गोकशी
थाना पुलिस ने जब गाड़ी चालक दिलदार से पूछताछ की तो उसने गांव जई निवासी हसनू और एक अज्ञात के बारे में जानकारी दी। बजरंगदल कार्यकर्ताओं ने बताया कि हसनू काफी समय से गोकशी कर रहा है। वहीं महानगर संयोजक अर्जुन राठी ने बताया कि गांव जई, पचपेडा, ओरंगाबाद, नंगलाशाहू सहित कई गांवों में गोकशी की जा रही है। थाना पुलिस इस पर लगाम कसने में नाकाम है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीएनजी कॉलेज के पास चेकिंग के दौरान गोवंश से भरी गाड़ी निकल गई और पुलिस न कोई कार्रवाई नहीं की। मामले में भावनपुर कार्यवाहक एसओ कर्मवीर सिंह ने बताया कि छोटा हाथी में गोवंश मिले हैं। चालक दिलदार से पूछताछ के बाद फरार आरोपियों पर कार्रवाई की जाएगी।
खास बातें===
कार्यकर्ताओं ने कोरल स्प्रिंग कॉलोनी के पास गोवंश ले जा रहे वाहन चालक को पकड़ा