मेरठ। किसानों की समस्याओं के निराकरण और सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिए केंद्र सरकार द्वारा शुरू किए गए एम-किसान पोर्टल व किसान कॉल सेंटर से किसानों को जोड़ने का काम धीमा चल रहा है। प्रदेश के करीब 33 लाख किसानों में से अब तक 3.70 लाख किसानों को ही इन पोर्टलों से जोड़ा जा सका है। जबकि 29.30 लाख किसानों को अभी तक नहीं जोड़ा जा सका है। यह जानकारी उप गन्ना आयुक्त हरपाल सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि किसानों को इन दोनों पोर्टलों से जोड़ने के लिए गन्ना विकास विभाग बड़ी पहल करने जा रहा है। आगामी 22 व 23 अगस्त को लाल बहादुर गन्ना किसान संस्थान लखनऊ में दो दिवसीय कार्यशाला/प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर में एम-किसान पोर्टल व किसान काल सेंटर की प्रभारी शिल्पा मेहता और उनकी टीम द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण शिविर में प्रगतिशील किसानों के अलावा गन्ना विभाग के सभी अधिकारी व मुख्य कर्मचारी हिस्सा लेंगे। किसानों के दोनों पोर्टलों से जुड़ने के बाद उन्हें नित नई जानकारी दी जाएगी। किसान घर बैठे ही अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे।