मेरठ। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने शनिवार को 10वीं कक्षा के नतीजे घोषित कर दिए। इस साल जिले में 20 केंद्रों पर 118 स्कूलों के 1450 छात्रों ने बोर्ड परीक्षा दी थी। अधिकांश छात्रों की क्यूमलेटिव ग्रेड प्वाइंट एवरेज (सीजीपीए) दस आई है। रिजल्ट अच्छा आने पर छात्रों ने एक दूसरे को गले लगाकर बधाई दी। सीजीपीए मिलने का यह अंतिम वर्ष था। अगले शिक्षण सत्र 2018 से सीबीएसई ग्रेडिंग और होम एग्जाम का सिस्टम खत्म करके पुन: बोर्ड और नंबर सिस्टम लागू करने जा रहा है।
जिले में इस वर्ष 9 हजार से अधिक छात्रों ने होम एग्जाम भी दिया था। बोर्ड और होम एग्जाम देने वाले सभी छात्रों का रिजल्ट एक साथ जारी हुआ। सीबीएसई ने रिजल्ट वेबसाइट पर अपलोड करने के लिए 12 बजे का वक्त दिया था। लेकिन सर्वर डाउन होने के कारण 12.30 बजे के करीब रिजल्ट अपलोड हुआ। रिजल्ट आते ही वेबसाइट थोड़ी देर के लिए ठप हो गई। स्कूलों के अलावा छात्रों का सिंगल रिजल्ट भी डाउनलोड नहीं हो पाया। छात्रों ने सीबीएसई की वेबसाइट पर रोल नंबर डालकर रिजल्ट देखा। मोबाइल पर इंटरनेट और एसएमएस के माध्यम से भी छात्रों ने रिजल्ट देखा।
वर्ष और बोर्ड के छात्र
साल- बोर्ड परीक्षार्थी
2013-14 - 667
2014-15- 722
2015- 16- 1154
2016- 17 - 1450
दूसरे स्कूलों का रिजल्ट नहीं देख पाए
बोर्ड ने अभी तक स्कूलों को छूट दी थी कि कोई भी स्कूल दूसरे स्कूल का परीक्षा परिणाम सेंटर कोड डालकर देख सकता था। लेकिन इस साल बोर्ड ने इस सुविधा को खत्म का दिया। कोई भी विद्यालय किसी दूसरे विद्यालय का रिजल्ट नहीं देख पाया। स्कूल यह जानने को उत्सुक रहे कि दूसरे स्कूलों का परीक्षा परिणाम प्रतिशत कितना है।
सीजीपीए 10 यानि 95 प्रतिशत अंक
सीबीएसई ने 10वीं में सीजीपीए सिस्टम लागू किया है। छात्रों ने 95 नंबर लिए हों या 100, सीजीपीए 10 ही मिलेगा। 10 सीजीपीए वालों का अंक प्रतिशत देखें तो यह 95 प्रतिशत होता है। ग्रेडिंग सिस्टम से पहले जो टॉपर 100 प्रतिशत अंक लाता था, वो अब केवल 95 प्रतिशत पर सिमट गया। सीजीपीए से अंक प्रतिशत निकालने के लिए कुल सीजीपीए प्वाइंट को 9.5 से गुणा करके जो प्राप्तांक मिलेगा, वही प्राप्तांक प्रतिशत होगा।
मुख्य बातें
सीबीएसई 10वीं का परीक्षा परिणाम जारी
अलविदा सीजीपीए, विदाई के साथ सबको बनाया सफल
12 बजे के बाद वेबसाइट पर अपलोड हुआ रिजल्ट
1450 छात्रों ने दिया बोर्ड एग्जाम
9000 से अधिक छात्र होम एग्जाम में शामिल
देहरादून रीजन में आंकड़े
1324 स्कूलों के 134971 छात्रों ने परीक्षा
96930 स्टूडेंट्स ने दिया होम एग्जाम
38041 स्टूडेंट्स ने दिया बोर्ड एग्जाम
छात्र और छात्राओं की संख्या
62093 छात्र हुए होम एग्जाम में शामिल
23411 छात्रों ने दी बोर्ड परीक्षा
34837 छात्राओं ने दिए होम एग्जाम
14630 छात्राएं हुई बोर्ड एग्जाम में शामिल