- अर्धसैनिक बलों की तैनाती के साथ सीसीटीवी की निगरानी में है स्ट्रांग रूम
- डीएम और एसएसपी ने लिया सुरक्षा का जायजा
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ। मेरठ में लोकसभा चुनाव होने के बाद ईवीएम की सुरक्षा के कडे़ इंतजाम किए गए हैं। शुक्रवार को परतापुर स्थित कताई मिल में डीएम अनिल ढींगरा, एसएसपी नितिन तिवारी व अन्य अफसरों ने पहुुंचकर सुरक्षा का जायजा लिया।
मतगणना 23 मई को परतापुर के कताई मिल में सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में होगी। इसका कंट्रोल रूम कताई मिल परिसर में बनाया गया है। शुक्रवार को चुनाव आबजर्वर डॉ. नरेंद्र कुमार गुप्ता, जिला निर्वाचन अधिकारी अनिल ढींगरा, एसपी सिटी डॉ. अखिलेश नारायण सिंह, एसडीएम, सिटी मजिस्ट्रेट, एसीएम व अन्य प्रशासनिक अफसर कताई मिल पहुंचे और स्ट्रांग रूम की सुरक्षा का जायजा लिया। बाद में एसएसपी ने भी सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। कताई मिल में लाइट और सफाई व्यवस्था को लेकर नगर निगम के अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए गए हैं। कताई मिल में तीन स्ट्रांग रूम बनाए गए हैं जिनकी सुरक्षा के लिए सीआईएसएफ के 30 जवानों को लगाया गया है। डीएम अनिल ढींगरा ने जानकारी दी कि स्ट्रांग रूम सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में है। वहीं पुलिस की दो गारद लगाई गईं है। आउटर और इनर कार्डन में 200 पुलिसकर्मी अलग-अलग शिफ्टों में तैनात किए गए हैं। प्रत्येक दिन रात्रि और दिन के लिए एक-एक मजिस्ट्रेट और इंस्पेक्टर तैनात हैं। एसपी सिटी और सीओ अलग से प्रत्येक दिन ड्यूटी चेक करेंगे। एसएसपी ने सख्त निर्देश दिए हैं कि किसी भी व्यक्ति या राजनीतिक दल के नेता को अंदर नहीं आने दिया जाएगा।