देश के मतदाता है, वोट देना आता है
- रैली निकालकर किया मतदान के प्रति जागरूक
सरधना। बीआरसी कार्यालय पर शुक्रवार को मतदाता जागरुकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें शिक्षकों के साथ ही स्कूली छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। जागरुकता कार्यक्रम में छात्रों ने नगर में रैली निकालकर लोगों को मतदान के प्रति जागरुक किया। रैली का शुभारंभ एबीएसए लक्ष्मीचंद ने हरी झंडी दिखाकर किया। रैली में छात्र-छात्राओं ने देश के मतदाता है, वोट देना आता है जैसे नारे लगाए। रैली छावनी शिवाजीनगर, कुशावली रोड, घोसियान, देवीगंज, चौक बाजार, धर्मपुरा आदि मोहल्लों से होते हुए वापस परिसर में आकर संपन्न हुई। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ऐसे मतदान बूथ क्षेत्र में जाकर लोगों को जागरुक करना था, जहां गत चुनाव में सबसे कम मतदान प्रतिशत दर्ज किया गया था। चुनाव आयोग ने सरधना विधानसभा में कुल 16 मतदान केंद्र चिह्नित किए गए थे। इन केंद्रों पर सबसे कम मतदान प्रतिशत दर्ज किया गया था। सरधना के कुछ बूथ के अलावा दौराला, महालका, लावड़, रार्धना आदि थे। गीता सचदेवा, शालिनी जैन, शरद चौहान वीरेंद्र कुमार, अभिषेक वीरेंद्र चौधरी, सभासद यूसुफ अंसारी, लोकेश जैन, तुषार त्यागी, विशाल पुरी, फैय्याज अहमद, कानूनगो नरेश कुमार, लेखपाल रामलाल, मोनिका शर्मा आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम संयोजक संयोजक दीपक शर्मा रहे। इस दौरान उन्होने कार्यक्रम का मंच संचालन भी किया।
आपका मतदान लोकतंत्र की जान
मवाना। रुद्रा इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी मवाना खुर्द के छात्र छात्राओं ने रैली व नुक्कड नाटक के माध्यम से लोगों को मतदान के प्रति जागरुक किया।
रैली का शुभारंभ प्राचार्या डॉ. अनुप्रिता शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर किया। पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के छात्र छात्राओं ने मवाना तहसील में तथा कई चौराहों पर नुक्कड़ नाटक कर लोगों को जागरूक किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि सबसे पहले वोट दो, सारे काम छोड़ दो। आपका मतदान लोकतंत्र की जान। उत्सव मंडप में छात्र छात्राओं ने लोगों को मतदान की शपथ दिलाई। यहां पर उपजिलाधिकारी अंकुर श्रीवास्तव व तहसीलदार अशोक गुप्ता ने भी लोगों को मतदान के लिए जागरूक किया। अभियान में संयोजन पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के विभागाध्यक्ष सूरजदेव प्रसाद, शिवाली चौधरी, निशा, संरक्षक जुगराज सिंह, चीफ प्रोक्टर सुमित काकरान, राहुल पोसवाल आदि का सहयोग रहा।