नो एंट्री में भारी वाहनों को खुली छूट
मेरठ। दिल्ली रोड पर नो एंट्री में भारी वाहनों को पुलिस ने खुली छूट दे दी है। शहर में दिन में भारी वाहन दौड़ रहे हैं और थाना पुलिस व ट्रैफिक पुलिस चुप्पी साधे हुए है। जिन स्थानों पर भारी वाहनों को रोकने के लिए पुलिस की ड्यूटी लगाई गई थी, वहां से पुलिस की ड्यूटी भी गायब हो गई।
शहर में सुबह सात बजे से रात्रि दस बजे तक नो एंट्री रहती है। इस समय शहर में भारी वाहन प्रतिबंधित हैं। 25 दिसंबर 2017 को एसपी ट्रैफिक ने शहर में दिन के समय भारी वाहनों को पूरी तरह से रोक लगा दी थी। लेकिन दिल्ली रोड पर ट्रांसपोर्ट नगर गेट तक कुछ घंटों के लिए भारी वाहनों को छूट दी गई थी।
शॉप्रिक्स मॉल तिराहा दिल्ली रोड, नवीन मंडी गेट और ट्रांसपोर्ट नगर गेट पर पुलिस की ड्यूटी लगाई गई थी। मंगलवार को दिल्ली रोड पर भारी वाहनों से जाम लगा रहा। ट्रांसपोर्ट नगर गेट के पास अवैध कट पर भारी वाहन गलत साइड से जाकर टर्न लेते हैं। जो जाम का कारण बन रहा है। ऐसे में भारी वाहनों से सबसे ज्यादा यातायात व्यवस्था बिगड़ रही है। एसपी ट्रैफिक संजीव वाजपेयी का कहना है कि यदि भारी वाहनों का नियम विरुद्ध आवागमन हो रहा है तो इसकी रिपोर्ट लेकर कार्रवाई होगी।
खास बातें:
दिल्ली रोड पर दिन में दौड़ रहे भारी वाहन
हादसा हुआ तो आखिर कौन होगा जिम्मेदार