मेरठ। दीवान पब्लिक स्कूल कैंट के बरामदे में बृहस्पतिवार दोपहर अग्निशमन यंत्र (सिलिंडर) गिरने से भगदड़ मच गई। सिलिंडर की चपेट में आकर एक छात्र और छात्रा घायल हो गए।
बताया गया कि स्कूल में मध्याह्न अवकाश के दौरान बच्चे बरामदे में खेल रहे थे। बरामदे में लगा आग बुझाने वाला सिलिंडर इस दौरान अचानक गिर गया। सातवीं कक्षा का छात्र नमन व एक छात्रा सिलिंडर के पास ही खेल रहे थे। जो सिलिंडर की चपेट में आकर घायल हो गए। उनके हाथ और पैर में चोट लग गई और खून बहने लगा। बरामदे में खेल रहे अन्य छात्रों ने तुरंत शिक्षकों व प्रिंसिपल को इस हादसे की सूचना दी। जिसके बाद स्कूल प्रशासन ने दोनों बच्चों का प्राथमिक उपचार कराते हुए उनके परिजनों को सूचित किया।
स्कूल के प्रिंसिपल एच.एम.राउत ने बताया कि आग बुझाने वाला सिलिंडर दीवार पर टंगा था। बच्चे वहां खेल रहे थे। अचानक सिलिंडर गिर गया। इसके कारण दो बच्चों को थोड़ी चोट लग गई। बच्चों को तुरंत उपचार दिलाया गया। शाम तक बच्चे बिल्कुल ठीक हो गए थे।
- दोपहर में स्कूल के बरामदे में हुआ हादसा, बच्चों में भगदड़ मची