छुटमलपुर। गांव के ही लोगों पर अपने पट्टे की जमीन को कब्जाने का आरोप लगाते हुए ग्राम बादशाहपुर निवासी 70 वर्षीय वृद्धा ने थाने पहुंचकर अपने बेटे को छुड़ाने की गुहार लगाई। आरोप लगाया कि कुछ लोग उसके बेटे को झूठे मामले में फंसा कर उसकी पट्टे की जमीन कब्जाना चाहते हैं।
विधवा कौशल देवी के साथ थाने पहुंचे ग्राम प्रधान प्रतिनिधि लाखन सिंह सैनी ने थाना प्रभारी को बताया कि वर्षों पहले कौशल देवी के पति बनारसी दास को करीब आठ बीघा कृषि भूमि का पट्टा आवंटित हुआ था। उसके मरने के बाद गरीबी के चलते कौशल देवी के बेटे अरविंद ने उस जमीन को गांव के ही एक व्यक्ति को कुछ दिनों के लिए ठेके पर दे दिया लेकिन बदनियती के चलते वह ठेके की अवधि पूरी होने के बाद भी उस जमीन को छोड़ने के लिए तैयार नहीं। रविवार सुबह उसी जमीन की फिर जुताई शुरू कर दी विरोध करने के लिए अरविंद और उसकी मां मौके पर पहुंचे तो पुलिस की डायल 100 को फोन कर आरोपी ने उसे ही प्रताड़ना देनी शुरू कर दी। पुलिस मौके पर पहुंची और अरविंद को थाने ले आई। गांव के दर्जनों ग्रामीणों ने विधवा कौशल देवी का पट्टे की भूमि पर हक बताते हुए उसके साथ किए जा रहे उत्पीड़न को रोकने की मांग की।
थानाप्रभारी जितेंद्र कुमार ने इस संबंध में दोनों पक्षों को थाने बुलाकर बातचीत की। उन्होंने जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।