भैसाली बस अड्डा भी मध्यरात्रि से बंद
मेरठ। भैसाली बस अड्डा 10 जुलाई की रात्रि 12 से 22 जुलाई की आधी रात तक बंद रहेगा। सीओ ट्रैफिक मोनिका यादव ने बताया कि दिल्ली रोड पर संचालित होने वाली रोडवेज की बसों का संचालन सोहराबगेट बस अड्डा गढ़ रोड पर शिफ्ट कर दिया जाएगा। जहां से रोडवेज की बसें डायवर्जन रूट के अनुसार सोहराबगेट बस अड्डे से चलेंगी। इसी मार्ग से सोहराबगेट बस अड्डे पर बसें आ सकेंगी। आधी आश्रम चौराहे से हापुड़ अड्डे की तरफ किसी भी वाहन को नहीं जाने दिया जाएगा।
- बागपत रूट पर चलने वाली रोडवेज की बसें भैंसाली बस अड्डे से नहीं चलेंगी। बागपत की तरफ जाने वाली बसें बागपत बाईपास से चलेंगी। शहर में इन बसों को प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।
- बड़ौत मार्ग पर चलने वाली रोडवेज की बसें भैंसाली बस अड्डे के बजाय रोहटा बाईपास से चलेंगी। शहर में इन बसों को नहीं आने दिया जाएगा।
प्राईवेट बस अड्डों की व्यवस्था:
प्राईवेट बस अड्डों की व्यवस्था भी सोमवार रात्रि 12 बजे से अस्थायी तौर पर की जा रही है।
- मवाना, हस्तिनापुर, मीरापुर, बिजनौर के लिए चलने वाली प्राईवेट बसें गंगानगर थाने से चलेंगी। गंगानगर थाने से शहर की तरफ बसों को नहीं आने दिया जाएगा।
- किला परीक्षितगढ़ रोड पर चलने वाली सभी प्राईवेट बसें पुलिस चौकी यादगारपुर, से किला रोड पर चलेंगी। शहर के लिए आते समय जेलचुंगी चौराहे की तरफ किसी भी बस को नहीं आने दिया जाएगा।
- हापुड़ रोड पर हापुड़- बुलंदशहर के लिए चलने वाली प्र्राईवेट बसें एल ब्लॉक पुलिस चौकी शास्त्रीनगर से चलेंगी।
- सरधना व शामली के लिए चलने वाली रोडवेज व प्राईवेट बसें कंकरखेड़ा बाईपास फ्लाईओवर से चलेंगी।
- अंबाला बस अड्डा बेगमपुल से चलने वाली प्राईवेट बसें गंगानगर थाने के पास बनाए गये अस्थायी अड्डे से मवाना, बहसूमा, मीरापुर, जानसठ होकर मुजफ्फरनगर के लिए चलेंगी।
सिटी बसों की व्यवस्था:
शहर में सिटी स्टेशन, कैंट स्टेशन व अन्य सभी मार्गो पर चलने वाली जेएनएनयूआरएम की बसें व प्राईवेट बसों का संचालन 12 जुलाई की सुबह 8 बजे से 22 जुलाई की शाम तक बंद रहेगा।
आवश्यक वस्तु वाहनों की व्यवस्था
- 16 जुलाई की सुबह आठ बजे से शहर में सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन बंद कर दिया जाएगा। सप्लाई के वाहन जैसे तेल टैंकर, गैस सप्लाई, ट्रक, टैंकर, मेडिकल गैस की सप्लाई 16 जुलाई से पहले ही छह दिन के लिए स्टाक कर लें। जिससे आवश्यक वस्तुओ की कमी न आ सके।
- दूध, ब्रेड, सब्जी आदि के लिए हल्के चार पहिया वाहनों के लिए ट्रैफिक कार्यालय पुलिस लाइन से कांवड स्टीकर पास जारी किये जाएंगे। कांवड मार्ग को छोड़कर ही स्टीकर वाले पास चलेंगे।
- 16 जुलाई की सुबह आठ बजे से शहर में सभी प्रकार के वाहन ऑटो, टेंपो, जीप व चार पहिया वाहन कांवड मार्ग पर पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दिए जायेंगे। केवल कांवड स्टीकर पास ही चलेंगे।
जिले को 22 जोन 62 सेक्टरों में बांटकर कडे़ सुरक्षा इंतजाम
मेरठ। कांवड़ यात्रा शुरू हो गई है। दूर प्रदेशों को जाने वाले शिव भक्तों का गुजरना शुरू हो गया है। जिला पुलिस प्रशासन ने कांवड़ यात्रा के चलते पूरे जिले को 22 जोन और 62 सेक्टरों में बांटकर कडे़ सुरक्षा इंतजाम किए हैं।
छह मुख्य बैरियर : शहर में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए मुख्य रूप से छह स्थानों मोहिउद्दीनपुर चेक पोस्ट, बिजली बंबा चेक पोस्ट, एल ब्लॉक चौकी, तेजगढ़ी ,कमिश्नर आवास चौराहा और दौराला क्षेत्र में दादरी में बैरियर लगाए जाएंगे। इन पर एक सब इंस्पेक्टर और दो सिपाहियों के अलावा आधा सेक्सन पीएसी भी तैनात होगी।
11 वाच टावरों से शहर की निगरानी: शहर में निगरानी के लिए अलग अलग स्थानों पर 11 वाच टावर लगाए जा रहे हैं। यहां से दूरबीन और हैंड सैट के साथ एक एक सब इंस्पेक्टर और दो दो पुलिस कर्मी रहेंगे।
मंदिर की ओर आने वाले तमाम मार्गों पर पिकेट: शहर के 24 मार्गों से औद्यड़नाथ मंदिर में आया जा सकता है। इन सभी जगहों पर पुलिस पिकैट की तैनाती की गई है।
16 पिकैट प्वाइंटों पर 24 घंटे सुरक्षा: शहर में 16 स्थायी पिकैट प्वाईटों पर 24 घंटे चार चार पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।
44 स्थानों से होगी सीसीटीवी कैमरों से निगरानी: शहर में निगरानी के लिए 44 स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की तैयारी है। ये कैमरे शहर के प्रमुख चौराहों, स्थानों पर लगाए जाएंगे।
कोट
कांवड़ मार्गों पर भारी वाहनों का प्रवेश बंद कर दिया जाएगा। इसके लिए पूरे शहर में बेरियर लगाए गए हैं। कांवड़ियों की संख्या बढ़ते ही ये मार्ग पूरी तरह वाहनों के लिए बंद कर दिए जाएंगे। पुलिस बल की व्यवस्था भी कर ली गई है।
मान सिंह चौहान, कांवड़ मेला नोडल प्रभारी