- ढडरा-अमानुल्लापुर मार्ग पर हुआ हादसा
- शीशे तोड़कर ग्रामीणों ने बच्चों को निकाला, चालक हिरासत में
- बस की फिटनेस 2019 में खत्म होने का आरोप
- स्कूल पहुंचे परिजनों ने किया हंगामा
- पुलिस ने केस दर्ज करने और बसों की जांच कराने की बात कही
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहटा (मेरठ)। ढडरा-अमानुल्लापुर मार्ग पर बुधवार सुबह स्कूल के बच्चों से भरी तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरी खाई में पलट गई। कई पलटे खाते हुए बस खेत में जाकर पलट गई। हादसे के बाद बस में सवार बच्चों में चीख-पुकार मच गई। आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बस के शीशे तोड़कर अंदर फंसे बच्चों को बाहर निकाला। हादसे में 20 छात्र-छात्राएं घायल हुए हैं। इनमें एक छात्र के हाथ में फ्रैक्चर और उसकी बहन के सिर में गंभीर चोट आई है। दोनों को मोदीपुरम स्थित एसडीएस ग्लोबल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अन्य घायल बच्चों को भी आसपास के अस्पतालों में उपचार दिलाया गया। स्कूल पहुंचे घायल बच्चों के परिजनों ने बस की फिटनेस और स्कूल प्रबंधन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए हंगामा किया।
जानकारी के अनुसार, रोहटा थाना क्षेत्र के गांव सतवाई स्थित स्वामी विवेकानंद पब्लिक स्कूल की बस का चालक मोमीन निवासी गांव सतवाई बुधवार सुबह गांव सतवाई के साथ ढडरा गांव से छात्र-छात्राओं को लेकर अमानुल्लापुर की ओर जा रही थी। बताया गया कि बस में करीब 22 बच्चे सवार थे। ढडरा-अमानुल्लापुर मार्ग पर पीर के पास पहुंचते ही बस अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे गहरी खाई में जा गिरी। बस कई बार पलटते खाते हुए खेत में उलट गई। अचानक हुए हादसे से बच्चों में चीख-पुकार मच गई।
ग्रामीणों ने बच्चों को बाहर निकाला
बच्चों की आवाज सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे। बस की हालत देखकर ग्रामीणों ने उसके शीशे तोड़े और अंदर फंसे बच्चों को बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। रोहटा और सरूरपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और ग्रामीणों की मदद से घायलों को अस्पतालों पहुंचाया गया।
सीएमओ के अनुसार, हादसे में गांव ढडरा निवासी अर्पित पुत्र संदीप के हाथ में फ्रैक्चर हुआ, जबकि उसकी बहन अनन्या के सिर में गंभीर चोट आई है। इसके अलावा मन्नत, निर्भय, कुलसम, उवैस, उमैर, जैनब, विराट, हर्षित, अवनी, आरव, अनाया, तन्वी, अथर्व, आफिया, असवत, शिवांक, रुद्र, दिव्यांश सभी घायल बच्चों के ढडरा गांव के निवासी होने की जानकारी दी गई है।
चालक ने बाइक को बचाने की बात कही
प्रारंभिक तौर पर बस की तेज गति और अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना गया। वहीं, चालक मोमीन ने पुलिस पूछताछ में सामने से आ रही बाइक को बचाने के प्रयास में बस के अनियंत्रित होने की बात कही। बच्चों और अभिभावकों ने तेज रफ्तार के कारण हादसा होने का आरोप लगाया। हादसे के बाद चालक मौके से चला गया था। पुलिस ने बाद में उसे हिरासत में ले लिया। घटना की जानकारी मिलने पर एसपी देहात अभिजीत कुमार और सीओ सरधना आशुतोष कुमार भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद अस्पताल पहुंचकर घायल बच्चों का हाल जाना।
बस की फिटनेस खत्म होने का आरोप
हादसे के बाद घायल बच्चों के परिजन स्कूल पहुंचे और प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जताई। गांव ढडरा निवासी भाजपा नेता प्रदीप ने आरोप लगाया कि हादसे में शामिल बस करीब 22 साल पुरानी है और उसकी फिटनेस वर्ष 2019 में ही समाप्त हो चुकी थी। उन्होंने चालक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए स्कूल प्रबंधन पर बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने की बात कही। घायल अर्पित और अनन्या के पिता संदीप पंवार ने भी चालक पर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना था कि स्कूल की बसों से पहले भी क्षेत्र में हादसे हो चुके हैं, लेकिन प्रबंधन ने गंभीरता नहीं दिखाई। परिजनों ने आरोप लगाया कि करीब चार महीने पहले रोहटा-बाडम मार्ग पर इसी स्कूल की बच्चों से भरी बस पलट गई थी, जिसमें कई बच्चे घायल हुए थे। उन्होंने डूंगर गांव में इसी स्कूल की बस के पहिये के नीचे आने से एक छात्रा की मौत और रोहटा में स्कूल बस पलटने से एक बच्चे की मौत होने की पुरानी घटनाओं का भी हवाला दिया। परिजनों ने इन घटनाओं के बावजूद सुरक्षा इंतजामों में सुधार नहीं होने का आरोप लगाया।
स्कूल प्रबंधक ने लापरवाही से किया इन्कार
स्कूल प्रबंधक अजय गुप्ता ने चालक के नशे में होने के आरोप को गलत बताया। उन्होंने कहा कि चालक ने शराब नहीं पी थी और हादसा बाइक सवार को बचाने के प्रयास में हुआ। प्रबंधक ने कहा कि हादसे में घायल सभी छात्र-छात्राओं के इलाज का खर्च स्कूल प्रबंधन वहन करेगा। हालांकि, बस की फिटनेस वर्ष 2019 में समाप्त होने के आरोप पर वह कोई ठोस जवाब नहीं दे सके।
बसों की जांच कराकर होगी कार्रवाई : एसपी देहात
एसपी देहात अभिजीत कुमार ने बताया कि घायल बच्चों का उपचार कराया जा रहा है और चालक को हिरासत में लिया गया है। मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। बस की फिटनेस और अन्य जरूरी दस्तावेजों से संबंधित साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्कूल में संचालित सभी बसों का परिवहन विभाग से सत्यापन कराया जाएगा। बिना वैध फिटनेस प्रमाणपत्र के किसी भी बस को चलने नहीं दिया जाएगा। जांच के आधार पर प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।
2024 का है बस का रजिस्ट्रेशन
स्वामी विवेकानंद पब्लिक स्कूल रोहटा की जो बस पलटी है उसका रजिस्ट्रेशन गाजियाबाद से 2004 का निकला है। इसके अलावा अन्य तीन और स्कूली बसें पकड़ी हैं। जिनके कागज ही नहीं हैं। सभी के खिलाफ कार्रवाई के लिए थाने पर तहरीर दे दी गई है। - सुधांशु रंजन, एआरटीओ प्रवर्तन।
-