जानीखुर्द। गांव नानू फतेहपुर में बुधवार को रालोद की एक बैठक हुई। इसमें संगठन की मजबूती, जनसमस्याओं और पार्टी की विचारधारा को जमीनी स्तर तक पहुंचाने पर विचार-विमर्श हुआ। रालोद के पूर्व प्रदेश महासचिव रणवीर दहिया मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद किया। दहिया ने संगठनात्मक एकजुटता और जनता से निरंतर संपर्क के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देनी चाहिए। बैठक में किसान, मजदूर और कमेरा वर्ग से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। रालोद की नीतियों को गांव-गांव तक पहुंचाने की रणनीति बनी। उपस्थित सदस्यों ने ग्रामीण समस्याओं और किसानों के अधिकारों के लिए जमीनी स्तर पर कार्य करने का संकल्प लिया। बैठक की अध्यक्षता चौधरी ईश्वर सिंह और संचालन रवि भारत चिकारा ने किया। इस मौके पर प्रधान मेघपाल गुर्जर, ब्रजपाल सिंह, सहंसरपाल सिंह, बीरपाल सिंह, मोती लाल, सतेंद्र सिंह, जिले सिंह, ओंकार सिंह और वीरेंद्र सिंह आदि रहे।