मेडिकल में डॉक्टर के बेटे को हुआ डेंगू
मेरठ। मेडिकल कॉलेज में गायनिक फैकल्टी डॉ. अनुपमा वर्मा के बेटे वरदान (12) को डेंगू की पुष्टि हुई है। उनका परिवार मेडिकल कॉलेज कैंपस में रहता है। मेडिकल की माइक्रोबायोलॉजी लैब में अब तक डेंगू के 3 मरीजों की पुष्टि हो चुकी है। इनमें एक बागपत दूसरा बुलंदशहर का है।
डॉ अनुपमा ने बताया कि वरदान को रविवार से बुखार है। शुक्रवार को जांच कराने पर डेंगू की पुष्टि हुई। माइक्रोबायोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. अमित गर्ग ने बताया कि बारिश के बाद लार्वा पनपने से डेंगू वायरस के संक्रमण का खतरा बढ़ रहा है। रोजाना करीब दो से तीन दर्जन सैंपल जांच के लिए आ रहे हैं। वायरल बुखार और डेंगू के लक्षण समान होते हैं। ऐसे में जांच किए बिना बीमारी की पुष्टि नहीं की जा सकती है। सीएमओ डॉ. राजकुमार का कहना है कि जिले में अब तक यह पहला मरीज मिला है। मेडिकल के जिन दो मरीजों में वायरस की पुष्टि हुई, वो अन्य जिलों के हैं। एंटी लार्वा फागिंग अभियान में तेजी लाने निर्देश दिए गए हैं। गौरतलब है कि मलेरिया विभाग के 70 दिनों के अभियान में 230 जगह डेंगू का लार्वा मिला था और इतने ही स्थानों पर नोटिस भी दिया गया था। हालांकि इससे पहले एक मरीज को निजी अस्पताल में डेंगू की पुष्टि हुई थी। लेकिन मेडिकल की माइक्रोबायोलॉजी लैब में पुष्टि के लिए उसका सैंपल नहीं भेजा गया था।