मंत्री धर्म सिंह सैनी के भतीजे की हादसे में मौत
छुटमलपुर (सहारनपुर)। प्रदेश सरकार में आयुष मंत्री डॉक्टर धर्म सिंह सैनी के भतीजे की बृहस्पतिवार की रात सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे की सूचना से बड़ी संख्या में लोग मंत्री के शहर स्थित आवास और उनके पैतृक गांव सोना सैय्यद माजरा में पहुंच गए। हादसे की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया।
हादसा छुटमलपुर-सहारनपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर फतेहपुर थाना क्षेत्र के गांव धनकरपुर के पास बृहस्पतिवार रात करीब नौ बजे हुआ। मृतक विकास (16) पुत्र करण सिंह निवासी गांव सैय्यद माजरा था। करण सिंह प्रदेश सरकार में स्वतंत्र प्रभार मंत्री डाक्टर धर्म सिंह के छोटे भाई है। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त विकास बाइक से छुटमुलपुर की ओर से गांव सैय्यद माजरा की ओर जा रहा था। रास्ते में उसकी बाइक एक रोड रोल से टकरा गई। इस हादसे में विकास ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। राहगीरों की सूचना के बाद डायल सौ और एंबुलेंस भी मौके पर पहुंची। इसके बाद शव को परिजन सोना सैयद माजरा ले गए। किशोर की मौत से परिवार में कोहराम मच गया और होली की खुशियां मातम में बदल गई। जिसने भी सुना वह जिला अस्पताल रोड पर मंत्री के आवास की तरफ दौड़ पड़ा। देर रात खबर लिखे जाने बड़ी संख्या में ग्रामीण मंत्री के आवास पर पहुंच चुके थे।