मेरठ। नए शिक्षा सत्र के लिए स्कूलों में प्रवेश की प्रक्रिया 15 दिसंबर के बाद से प्रारंभ हो जाएगी। शहर के अधिकांश सीबीएसई स्कूलों ने नए सत्र में प्रवेश के लिए नियम बना लिए हैं। कुछ विद्यालयों ने प्रवेश नियमों का नोटिस भी चस्पा कर दिया है। सीबीएसई के नियमों को आधार मानते हुए इस बार स्कूल में प्रवेश के लिए बच्चे का आधार कार्ड जमा करना अनिवार्य होगा।
नए शिक्षा सत्र से सीबीएसई बोर्ड ने स्कूलों में प्रत्येक छात्र के पास आधार कार्ड होना व स्कूल के पास हर छात्र के आधार कार्ड की पूरी डिटेल रखना लागू कर दिया है। स्कूलों क ो हर छात्र के आधार कार्ड की डिटेल बोर्ड व विद्यालय की वेबसाइट पर डालनी होगी। इसलिए हर स्कूल इस बार प्रवेश प्रक्रिया के वक्त ही छात्र से उसका आधार कार्ड ले रहा है। नवंबर 2016 में हुई नोटबंदी के बाद स्कूलों ने प्रवेश प्रक्रिया में भाग लेने वाले छात्रों को प्रवेश पंजीयन शुल्क के भुगतान के लिए पेटीएम की सुविधा भी दी है। अभिभावक प्रवेश पंजीयन शुल्क पेटीएम, ई बैंकिंग व नगद तीनों माध्यमों से भुगतान कर सकेंगे। स्कूल की वेबसाइट पर ही प्रवेश पंजीयन करने, फॉर्म भरने का विकल्प भी दिया है। प्रवेश पंजीयन की पूरी प्रक्रिया को कैशलेस व पेपर लेस कर दिया है।
प्रवेश पंजीयन की प्रमुख तिथियां
सत्यकाम इंटरनेशनल स्कूल- 15 दिसंबर से पंजीयन प्रारंभ
सेंट थॉमस इंग्लिश मीडियम- 15 दिसंबर से 20 जनवरी तक पंजीयन
दीवान पब्लिक स्कूल कैंट- 15 दिसंबर के बाद नोटिस जारी
दीवान पब्लिक इंटरनेशनल- जनवरी में प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ
सेंट जोंस सीनियर सेकेंड्री स्कूल- प्रवेश पंजीयन प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है
एमपीएस ग्रुप के नियम
मेरठ पब्लिक स्कूल ने अपनी सभी शाखाओं में नर्सरी से 12वीं कक्षा में प्रवेश के लिए पंजीयन का नियम बना लिया है। विद्यालय की वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकेंगे। पेटीएम व नगद भुगतान करना होगा, साथ ही आधार कार्ड, चार फोटो, पेन कार्ड जमा करना अनिवार्य है।
सोफिया, सेंट मेरीज में जनवरी से पंजीयन
सोफिया गर्ल्स स्कूल में 18 व 19 जनवरी को एलकेजी में प्रवेश के लिए पंजीयन प्रारंभ होंगे। वेबसाइट पर बच्चों का पंजीयन होगा। इसी वेबसाइट पर प्रवेश संबंधी सारी जानकारी मिलेगी। सेंट मेरीज स्कूल में भी जनवरी से प्रवेश पंजीयन प्रक्रिया शुरू होगी।