पल्लवपुरम फेज प्रथम में लोगों के सामने बनी समस्या, कार्रवाई की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
मोदीपुरम। पल्लवपुरम फेज प्रथम की सर्विस रोड के नीचे से जा रही पेयजल की लाइन मशीनों से फट गई, जिस कारण पास से गुजर रही नाली का पानी पाइप लाइन से होते हुए घरों में पहुंच रहा है। स्थानीय लोगों ने जल्द समस्या से निजात दिलाने की मांग की।
सर्विस रोड निवासी व्यापारी राजेश कांत जैन, प्रदीप, संजय, सम्यक जैन, डॉ. महकार सिंह आदि ने बताया कि पल्लवपुरम फेज प्रथम के सामने रैपिड मैट्रो का निर्माण कार्य चल रहा था। करीब तीन सालों से बंद सर्विस रोड कुछ दिन पहले ही खोली गई है। बताया कि चार दिन पहले किसी मशीन से भूमिगत पेयजल पाइप लाइन टूट गई, जिस वजह से वहां गड्ढे में पानी भर गया और पास ही नाली है, जिसका गंदा पानी लाइन से होकर घरों तक पहुंच रहा है। पानी में बदबू आने पर लोगों ने जानकारी की तो लाइन टूटी होने की जानकारी हुई। पार्षद प्रदीप वर्मा ने बताया कि उनकी जानकारी में भी आया है कि रैपिड मैट्रो के निर्माण के दौरान मशीन से पाइप फटा है, लेकिनपेयजल की पाइप लाइन नगर निगम की है। जनता के हितों के लिए अपने स्तर से नगर निगम के द्वारा पाइप लाइन ठीक कराई जाएगी।