- साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत के बाद कंकरखेड़ा थाने में प्राथमिकी दर्ज
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के सैनिक नगर निवासी आदित्य शर्मा से डाटा एंट्री ऑपरेटर की नौकरी दिलाने के नाम पर लगभग 1.29 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। थाना पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है।
कासमपुर सैनिक नगर निवासी आदित्य शर्मा ने बताया कि उनके मोबाइल पर अज्ञात व्यक्ति ने 7 जनवरी, 2026 को कॉल की थी। कॉलर ने उन्हें डाटा एंट्री ऑपरेटर के पद पर नौकरी दिलाने का झांसा दिया। उसने पंजीकरण शुल्क के नाम पर उनसे 450 रुपये एक बैंक अकाउंट में जमा करा लिए। इसके बाद उन्होंने कॉल कर नौकरी लगवाने के लिए अतिरिक्त रुपये देने के लिए कहा। उन्होंने आरोपी के कहने में आकर उसके बताए बैंक अकाउंट में लगभग 1.29 लाख रुपये और हस्तांतरित कर दिए। इसके बाद न तो उनकी नौकरी लगी और न ही आरोपियों ने उनके रुपये लौटाए। रुपये मांगने पर आरोपी धमकी देने लगे। आरोपियों ने तीन अलग-अलग नंबर से कॉल की थी।
इनके खिलाफ आदित्य शर्मा ने राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत कर दी। पीड़ित का कहना है कि आरोपियों ने अन्य लोगों से भी इस तरह ठगी की है। इसके बाद कंकरखेड़ा थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया है। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले का कहना है कि तीन मोबाइल नंबर धारक अज्ञात आरोपियों पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है। उन्होंने आमजन से अज्ञात लोगों के झांसे में नहीं आने की अपील की है।