अमर उजाला ब्यूरो
जानीखुर्द। प्रधानमंत्री आवास योजना के नाम पर क्षेत्र में धोखाधड़ी कर रुपये ठगने का मामला शनिवार को जानी के गांव खानपुर में हुआ। एक महिला समेत चार व्यक्तियों ने आवास बुक कराने के नाम पर तीन दर्जन व्यक्तियों से एक हजार रुपये ठग लिये।
गांव खानपुर में शनिवार को एक महिला सहित चार व्यक्ति आये। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि वे सरकार की तरफ से प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकानों की बुकिंग कर रहे हैं। उन्होंने ग्रामीणों को आधार कार्ड और योजना की उनकी नियुक्ति का लेटर भी दिखाए। इसके बाद उन्होंने गांव से करीब तीन दर्जन व्यक्तियों से आवास बुक करने के नाम पर एक-एक हजार रुपये जमा किए। उनके आधार कार्ड की छाया प्रति और फार्म भरकर फोटो ले ली। इस बीच कुछ ग्रामीणों को शक हुुआ। उन्होंने उच्चाधिकारियों से बात कराने के लिए कहा तो वे बहाना बनाकर जाने लगे। इस पर ग्रामीणों ने उनसे कड़ाई से पूछताछ की। इस पर मामला आवास दिलाने के नाम पर रुपये ठगी करने का सामने आया। उन्होंने बताया कि वे मोदीनगर के रहने वाले हैं। उनके दिखाए आधार कार्ड और नियुक्ति लेटर फर्जी हैं। इसके बाद ग्रामीणों ने उनकी पिटाई करने के बाद रुपये वापस कराए। उन्हें पुलिस को सौंपे जाने की बात करने लगे। इस पर आरोपी भविष्य में ऐसी हरकत नहीं करने की बात कहते हुए माफी मांगनेे लगे। इसके बाद बुजुर्गों के कहने पर आरोपियों को चेतावनी देकर छोड़ दिया। वहीं, जानी थाना प्रभारी नेे घटना की जानकारी से इनकार किया है।