खरखौदा। एसडीएम ने शुक्रवार को स्थायी गोशाला के लिए चिह्नित की गई जमीन का मुआयना किया। नगर पंचायत ने अस्थायी गोशाला का निर्माण किया है। इसके बावजूद आवारा पशु गलियों में घूमते नजर आ रहे हैं।
मुख्यमंत्री के आदेश पर नगर निगम, नगर निकाय स्तर पर आवारा घूमने वाले एवं किसानों की फसलों को नष्ट करने वाले पशुओं के लिए कान्हा आश्रय अभियान के तहत गोशालाओं की स्थापना शुरू हो गई है। नगरीय क्षेत्र में केवल नगर एवं नगर निकाय क्षेत्र में बनी गोशालाओं में नगर समेत आसपास गांवों के आवारा पशु रखे जाएंगे। नगर निकाय क्षेत्र में प्रत्येक गोशाला के निर्माण के लिए डेढ़ हेक्टेयर जमीन की आवश्यकता पडे़गी। मुख्यमंत्री का आदेश है जब तक गोशालाओं का निर्माण नहीं होता तब तक अस्थायी गोशालाओं का निर्माण कराकर सभी आवारा पशुओं को इनमें पहुंचाया जाए। खरखौदा नगर पंचायत द्वारा खरखौदा खासपुर मार्ग पर बंद पड़ी भाजपा नेता की फैक्टरी परिसर में अस्थायी गोशाला बनाई गई है। हालांकि नगर पंचायत द्वारा एक भी पशु नहीं पकड़ा गया है। शुक्रवार को एसडीएम सदर निशा अनंत ने पहुंचकर अस्थायी गोशाला का निरीक्षण किया। यहां पशुओं को रखने के लिए उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण नगर पंचायत स्तर से जल्द गोशाला में उचित व्यवस्था करने का आदेश दिया है। वहीं, एसडीएम ने नगर पंचायत द्वारा चिह्नित की गई जमीन की भी मुआयना किया। वहीं, आवारा पशु अब भी किसानों की फसलों को नष्ट कर रहे हैं। यहां चेयरमैन रमेश चंद, पूर्व चेयरमैन लल्लू सिंह त्यागी, एडीओ पंचायत मनोज कुमार, होती लाल, मूलचंद त्यागी, मांगे सैनी, अनिल आदि रहे।