बिजलीघर में सो रहे कांवड़िये की करंट से मौत
मेरठ। दिल्ली रोड स्थित रामलीला मैदान के सामने बिजलीघर में एक कांवड़िये की करंट से मौत हो गई। शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है।
पुलिस के अनुसार यह कांवड़िया सोमवार देर रात रामलीला मैदान के सामने कांवड़ शिविर में जगह न मिलने पर बिजलीघर में जाकर लेट गया था। मंगलवार सुबह करीब छह बजे उसका शव झुलसी हालत में मिलने पर भीड़ जमा हो गई। इंस्पेक्टर ब्रह्मपुरी सतीश राय के अनुसार करीब 30 साल के इस युवक ने केसरिया टी-शर्ट और लोवर पहना था। काफी प्रयास के बाद भी उसकी शिनाख्त नहीं हुई। इंस्पेक्टर के अनुसार पूर्व पार्षद दिनेश की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया गया है।
चोरी का निकला मोबाइल
इंस्पेक्टर ने बताया कि कांवडिये के पास मिला मोबाइल फोन लॉक था। उसका सिम निकालकर कॉल की गई तो हापुड़ के दूसरे समुदाय के व्यक्ति ने कॉल रिसीव कर बताया कि ये नंबर उसका है। तीन दिन पहले ऑटो में उसका मोबाइल चोरी हुआ था। उसी में ये सिम लगा था।