नाले में बहाया जा रहा गंगाजल
मेरठ। शहर में काफी लोगों को पानी की किल्लत का सामान करना पड़ रहा है। वहीं जलाशय से सैकड़ों लीटर गंगाजल नाले में बहाया जा रहा है। अमर उजाला टीम ने रविवार को बच्चा पार्क के निकट पीएल शर्मा स्मारक जलाशय का दौरा किया। जहां साफ पानी नाले में गिरता हुआ मिला।
महानगर की जनता को पर्याप्त पीने का पानी उपलब्ध कराने के लिए 350 करोड़ की लागत से गंगाजल योजना चालू की गई थी। इस योजना के तहत प्रतिदिन 45 क्यूसेक गंगाजल भोला झाल से शहर पहुुंच रहा है। गंगाजल को घर-घर पहुंचाने से पहले घंटाघर टाउन हॉल जलाशय, बच्चा पार्क जलाशय सर्किट हाउस में भूमिगत जलाशय बनाए गए हैं। यहां से पंप के माध्यम से गंगाजल की सप्लाई घर-घर की जाती है। इसकी व्यवस्था के लिए जलकल विभाग ने ठेका दिया हुआ है। लेकिन व्यवस्था किस कदर पटरी से उतरी हुई है, इसकी बानगी पीएल शर्मा स्मारक जलाशय से नाले में बहाए जाने वाले गंगाजल से देखी जा सकती है। जलाशय में बच्चा पार्क नाले की तरफ दो स्थानों पर हॉल बनाए गए हैं। जब जलाशय में अधिक पानी भर जाता है तो वह यहां से नाले में बहने लगता है। रविवार सुबह लगभग 11 बजे जलाशय से नाले में गंगाजल का बहाव इतना तेज देखने को मिला, जिससे साफ हो रहा है प्रतिदिन सैकड़ों लीटर पानी नाले में बह रहा है। लेकिन इस ओर किसी का ध्यान नहीं है।
मामला संज्ञान में नहीं हैं। अगर पानी नाले में बहाया जा रहा है तो पंप संचालक से जवाब तलब किया जाएगा। जांच कराई जाएगी। मनोज कुमार चौहान, नगरायुक्त।