सभी केंद्रों के ध्यानार्थ============
आज संभलकर निकलें, डायवर्ट रहेगा रूट
तड़के पांच बजे से रात 12 बजे तक डायवर्ट रहेंगी रोडवेज की बसें
गन्ने के वाहन सड़क पर न आएं, मिल प्रशासन को दिए गए निर्देश
जिले के सभी बार्डर प्वाइंटों पर रोके गए भारी वाहन
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ।
आज शहर में जरा संभलकर निकलें। जागृति विहार विस्तार योजना पर होने वाले आरएसएस के राष्ट्रोदय कार्यकम के चलते मेरठ में करीब पांच हजार बसें, 12 से 15 हजार चार पहिया वाहन और दो हजार से अधिक दोपहिया वाहनों का अनुमान है। ऐसे में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने डायवर्जन प्लान बनाया है। एसपी ट्रैफिक संजीव बाजपेई के अनुसार रविवार तड़के पांच बजे से देररात 12 बजे तक रोडवेज बसों का डायवर्जन रहेगा। हाइवे के अलावा मुख्य मार्ग और शहर में भी डायवर्जन रहेगा।
रोडवेज बसों का ये रहेगा रूट
- दिल्ली, गाजियाबाद से भैसाली बस अड्डे को आने वाली रोडवेज बसें परतापुर तिराहे से बागपत फ्लाईओवर, एचआरएस चौक, बागपत अड्डे होते हुए भैसाली पर आ सकेंगी।
- भैसाली बस अड्डे से दिल्ली व गाजियाबाद को जाने वाली रोडवेज बसें जली कोठी चौराहे से दाहिनी ओर मुड़कर रोहटा रोड फ्लाईओवर के नीचे से परतापुर तिराहा होकर अपने गंतव्य को जा सकेंगी।
- सहारनपुर, मुजफ्फरनगर की ओर से आने वाली रोडवेज बसें जिन्हें दिल्ली व गाजियाबाद की ओर जाना है। वे मोदीपुरम फ्लाईओवर होकर परतापुर तिराहे से जा सकेंगी।
- दिल्ली, गाजियाबाद की ओर से आने वाली रोडवेज बसें जिन्हें मुजफ्फरनगर व सहारनपुर की ओर जाना है, वे परतापुर तिराहे से शहर में न घुसकर एनएच-58 के रास्ते मोदीपुरम फ्लाईओवर के रास्ते जा सकेंगी।
- बुलंदशहर की ओर से आने वाली रोडवेज बसें स्याना, गढ़, आसफाबाद, मिश्रीपुर, किला परीक्षितगढ़, जेलचुंगी से सोहराब गेट आएंगी।
- सोहराब गेट डिपो से मुरादाबाद व रामपुर की ओर जाने वाली बसें गांधी आश्रम चौराहे से जेलचुंगी, किला परीक्षितगढ़, आसफाबाद, मिश्रीपुर, गढ़ होते हुए जा सकेंगी।
बसें मिलने में हो सकती है दिक्कत
राष्ट्रोदय कार्यक्रम में मेरठ, गाजियाबाद, बागपत, गौतमबुद्घनगर, हापुड़, बुलंदशहर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, मुरादाबाद, रामपुर, अमरोहा, संभल, बिजनौर जिले से करीब तीन लाख से अधिक कार्यकर्ता जागृति विहार स्थित कार्यक्रम में पहुंचेंगे। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि रोडवेज बसों से जाम की समस्या हो सकती है। ऐसे में आज तड़के पांच बजे से दस बजे और शाम चार बजे से रात नौ बजे तक रोडवेज बस नहीं चलेंगी। सिर्फ इमरजेंसी में ही रोडवेज की बसें आ जा सकेंगी।
जिले के सभी मार्गों पर रोके भारी वाहन
शनिवार दोपहर 12 बजे से जिले में भारी वाहनों पर रोक लगाते हुए उन्हें डायवर्ट कर दिया गया। मेरठ से हापुड़-बुलंदशहर मार्ग, गढ़ रोड, एनएच- 58, बागपत रोड, शामली रोड और मवाना रोड पर जिले के बार्डर प्वांइटों से भारी वाहनों को दूसरे जिलों की तरफ डायवर्ट कर दिया गया। 25 फरवरी की रात 12 बजे तक भारी वाहन जिले की सीमा में नहीं घुस सकेंगे।
मेरठ में भारी वाहनों का रूट
मुजफ्फरनगर की तरफ से कोई वाहन आने पर दौराला, परतापुर होते हुए गाजियाबाद व दिल्ली की तरफ जाने वाले भारी वाहनों को दौराला से डायवर्ट कर दिया जाएगा। ये वाहन दौराला, लावड़, मसूरी, मवाना, किठौर से हापुड़ की तरफ जा सकेंगे।
शामली की ओर से परतापुर होते हुए दिल्ली, गाजियाबाद, हापुड़ और मुजफ्फरनगर की ओर जाने वाले वाहनों को नानू पुल शामली रोड से सरधना की ओर डायवर्ट कर दिया जाएगा। ये वाहन नानू नहर पुल से सरधना, दौराला, लावड़, मसूरी, मवाना, किठौर से हापुड़ होते हुए या नानू नहर पुल से जानी, मुरादनगर होते हुए गंतव्य को जा सकेंगे।
बागपत, बड़ौत से दिल्ली, अलीगढ़, मुरादाबाद या हापुड़ को जाने वाले भारी वाहनों को जानी नहर पुल से डायवर्ट कर दिया जाएगा। जो मुरादनगर नहर पटरी से नानू नहर पुल से सरधना, दौराला, लावड़, मसूरी, मवाना, किठौर से हापुड़ होते हुए जा सकेंगे।
हापुड़, गढ़ से मुजफ्फरनगर, बागपत या बागपत की ओर जाने वाले भारी वाहनों को खरखौदा, किठौर से डायवर्ट कर दिया जाएगा। ऐसे वाहन किठौर, मवाना, मसूरी, लावड़ से दौराला होते हुए अपने गंतव्य को जा सकेंगे।
गाजियाबाद की ओर से आने वाले भारी वाहन जो एनएच-58 होते हुए मुजफ्फरनगर, शामली व सहारनपुर को जायेंगे, वे मोहिउद्ीनपुर- खरखौदा मोड़ से होते हुए आने गंतव्य को जा सकेंगे।
बिजनौर, मवाना की ओर से आने वाले भारी वाहन जिन्हें हापुड़, गढ़, बागपत या दिल्ली की ओर जाना है। ऐसे वाहनों को मसूरी गांव के तिराहे से दौराला की ओर डायवर्ट कर दिया जाएगा। यह वाहन मवाना, दौराला, सरधना, नानू नहर पुल से नहर पटरी के रास्ते से जा सकेंगे।