मतगणना में भी भाजपा पर हावी रही बसपा
मेरठ। चुनाव प्रबंधन के लिए पहचान रखने वाली भाजपा शायद मतदान के रुझान को लेकर पहले ही हार मान चुकी थी। क्योंकि मतगणना के समय जो तेवर और तेजी बसपाइयों में नजर आ रही थी, वह भाजपाइयाें में कहीं नजर नहीं आई। आलम ये था कि मतगणना के आंकड़े जुटाने में भाजपाई खेमा बसपा से कोसो पीछे नजर आ रहा था।
सुबह मतगणना शुरू हुई तो भाजपा दो खेमों में बंटी नजर आ रही थी। भाजपा पार्षद प्रत्याशी खुद को पूरी तरह अलग मानकर मतगणना में लगे नजर आ रहे थे, जबकि महापौर पद की गणना में जो भाजपाई लगे थे, वह बहुत ही थके हुए दिखाई दे रहे थे। हाल ये था कि बसपा के एजेंट लगातार एक-एक टेबल की गणना उठाकर अपने मुख्य अभिकर्ता के पास ला रहे थे और वहां पर तत्काल सभी प्रत्याशियों के प्राप्त मतों को जोड़ा जा रहा था। सुबह 11 बजे तक स्थिति ये हो गई कि मीडियाकर्मी भी निर्वाचन अधिकारी या भाजपा खेमा छोड़कर बसपाई खेमे में खड़े हो गए और प्राप्त मतों के आंकड़े लेने लगे। शाम चार बजे बसपाई खेमे ने जीत तय कर नारेबाजी शुरू कर दी, जबकि भाजपाई खेमा अपनी गणना में ही लगा रहा। मतगणना के दौरान भाजपाइयों की इस स्थिति पर सभी सवाल उठा रहे थे।