मेरठ। पंजाबी एकता मंच मेरठ व पंजाबी एकता मंच उप्र की ओर से होने वाले प्रतिभा समारोह के लिए आवेदन आने शुरू हो गए हैं। 5 सितंबर शिक्षक दिवस के दिन पंजाबी प्रतिभा सम्मान समारोह होना है। समारोह में पंजाबी समाज के मेधावी युवाओं व विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। सम्मान समारोह के लिए शुक्रवार को काफी विद्यार्थियाें ने पंजीयन कराया।
पंजीयन के लिए शहर में दो केंद्र बनाएं गए हैं। दोनों केंद्रों पर शुक्रवार को कई विद्यार्थी सम्मान समारोह के लिए अपना निशुल्क पंजीयन कराने पहुंचे। मंच के प्रदेश अध्यक्ष विजय अरोड़ा ने बताया कि पंजीयन केंद्रों के अलावा कई विद्यालयों के प्रिंसिपल भी प्रतिभा सम्मान समारोह में अपने विद्यालय के मेधावी छात्रों की प्रविष्टियां भेज रहे हैं। प्रतिभा सम्मान समारोह में सीबीएसई, आईसीएसई बोर्ड से 12वीं कक्षा में 85 प्रतिशत अंक लाने वाले विद्यार्थी, 10वीं व 12वीं कक्षा में यूपी बोर्ड से 75 प्रतिशत अंक लेने वाले विद्यार्थी, सीबीएसई में 10वीं में 8 सीजीपीए लाने वाले छात्रों को सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा इंजीनियरिंग, सीए, सीएस, क्लैट, एमबीए, एमसीए आदि प्रवेश परीक्षाओं के सफलता हासिल करने वाले और खेलकूद, सांस्कृतिक, साहित्यिक व अन्य गतिविधियों के प्रतिभावान युवाओं का भी सम्मान किया जाएगा। विद्यार्थी लिए 31 अगस्त तक निशुल्क पंजीयन करा सकते हैं। पंजीयन गुरु द्रोणाचार्य कोचिंग धर्म प्लाजा यूपी बोर्ड कार्यालय के सामने जीआईसी के पास व डिस्कवरी स्टोर पीवीएस मॉल मेरठ पर कराएं। 9358339222 मोबाइल नंबर पर भी संपर्क कर सकते हैं।