शामली। नगरपालिका अध्यक्ष अरविंद संगल ने शहर में चार वार्डों में सफाई व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अनुपस्थित मिले 12 सफाई मित्रों का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। एक सफाई नायक को वापस सफाई मित्र के पद पर भेजा गया।
सोमवार को पालिकाध्यक्ष ने औचक निरीक्षण कर शहर की सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। उनके साथ अधिशासी अधिकारी रामेंद्र सिंह व सफाई एवं खाद्य निरीक्षक आदेश सैनी रहे। उन्होंने वार्ड संख्या एक, आठ, 13 व 18 वार्ड में सफाई मित्रों की डयूटी चेक की, जिसमें 12 सफाई मित्र ड्यूटी से अनुपस्थित मिले। पालिकाध्यक्ष ने अनुपस्थित सफाई मित्रों का एक दिन का वेतन काटने के अधिशासी अधिकारी को आदेश दिए। इसके अलावा एक सफाई नायक को डयूटी से हटाकर वापस सफाई मित्र के पद पर भेजा गया। इसके अलावा वार्ड 21 में सती वाला मंदिर रोड पर ड्यूटी देने आए नाबालिग से पूछा तो उसने बताया कि वह अपने भाई की जगह सफाई करने आया।
पालिकाध्यक्ष ने उसके भाई का एक माह का वेतन रोकने का आदेश दिया। वार्ड एक गोशाला रोड पर पांच कर्मचारियों के पास सफाई का कोई उपकरण नहीं पाया गया। पालिकाध्यक्ष ने कहा कि वार्डों में नियुक्त सभी सफाई सुपरवाइजर सफाई व्यवस्था में लगे सफाई मित्रों की सुबह व दोपहर की हाजिरी के समय जियो टेगिंग फोटो लेकर उनके अलावा ईओ व सफाई निरीक्षक को व्हाट्सएप पर भेजेंगे, जिस दिन की फोटो नहीं होगी, उनका भी उस दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए।