बता दें कि ग्राम झिल्ला में सड़क निर्माण सामग्री का डिपो बना हुआ है, जहां से सड़क का मेटेरियल मौके पर पहुंचाया जाता है। शुक्रवार की सुबह साढ़े छह बजे टैंकर द्वारा सड़क पर डालने के लिए गर्म तारकोल धामपुर की ओर ले जाया जा रहा था कि ग्राम चंचलपुर के पास स्योहारा की ओर से जा रही धामपुर डिपो की रोडवेज बस ने पीछे से टैंकर में टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही टैंकर से निकला गर्म तारकोल बस का शीशा तोड़ते हुए बस के अंदर यात्रियों पर गिर गया। बस चालक वसीम अहमद (25) पुत्र फारुख निवासी ग्राम अलादीनपुर स्योहारा, परिचालक कुलदीप, विनोद (48) पुत्र मुकन्दी सिंह निवासी मोहल्ला इस्लाम नगर, विकास (19) पुत्र विनोद, मुकीम (35) पुत्र अमीर अहमद निवासी मुस्लिम चौधरियान, सतीश (55) पुत्र फूल सिंह निवासी बसंतगढ़, अनन्त जैन (25) पुत्र दीपक जैन निवासी जैन स्ट्रीट स्योहारा व सड़क निर्माण में कार्य कर रहे मजदूर धीर सिंह, नजीर अहमद, व जहांगीर आलम बुरी तरह झुलस गए।
बताया गया कि बस चालक भी स्योहारा निवासी है और बस में यात्री ज्यादा नहीं थे। कुछ यात्री घटना के बाद अन्य साधन से धामपुर चले गए। वहीं, पुलिस ने बस को अन्य स्थान पर सुरक्षित खड़ा करा दिया है।