मेरठ। लालकुर्ती थाना क्षेत्र में बेगमपुल चौराहे पर 12 आरोपियों ने ट्रक चालक मुरादाबाद निवासी सरताज से बृहस्पतिवार देर रात एक बजे जमकर मारपीट की। आरोपियों ने ट्रक पर चढ़कर तोड़फोड़ की कोशिश की। आरोपियों ने सड़क पर जमकर उत्पात मचाया। सूचना पर पहुंची पुलिस के साथ भी आरोपियों ने धक्का-मुक्की की। आरोपी धमकी देते हुए भाग गए। पीड़ित की तहरीर पर आरोपी नमन, सुमित, अमन व अन्यों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर दी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच में जुट गई है।
मुरादाबाद के थाना कुंदरकी निवासी सरताज ने शुक्रवार को लालकुर्ती थाने पर प्राथमिकी दर्ज कराई। बताया कि वह बृहस्पतिवार को मुरादाबाद से ट्रक लेकर मेरठ आया था। रात के समय वह ट्रक लेकर बेगमपुल से हापुड़ के लिए ट्रक लेकर जा रहा था। इसी बीच बेगमपुल चौराहे पर आरोपी सड़क पर खड़े होकर हुड़दंग मचा रहे थे। सरताज ने हॉर्न बजाकर रास्ता मांगा। आरोपियों ने रास्ता देने से मना कर दिया। सरताज ने आरोपियों की हरकतों का विरोध किया।
आरोप है कि आरोपी ट्रक पर चढ़ गए। आरोपियों ने जमकर सरताज के साथ मारपीट की। आरोपियों ने ट्रक में भी तोड़फोड़ का प्रयास किया। सरताज ने किसी तरह पुलिस को फोन कर मामले की जानकारी दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के सामने ही आरोपियों ने सरताज से मारपीट की। आरोपियों ने पुलिस के साथ भी जमकर धक्का-मुक्की दी। शहर के मुख्य चौराहे पर पुलिस के सामने सरताज पर हमला व पुलिस से धक्की-मुक्की की घटना ने कार्यशैली पर सवाल खड़ा कर दिया। आरोपियों की हरकतों की वजह से अन्य राहगीर भी दहशत में आ गए थे। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि आरोपियों की पहचान कराने की कोशिश की जा रही है। जल्द आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
-