मेरठ। कई देशों के यात्रियों को सफर कराने वाली फ्रंटियर मेल (गोल्डन टेंपल) ने एक सितंबर को ट्रैक पर 89 वर्ष पूरे कर लिये। दिल्ली-टपरी डिवीजन की यह ट्रेन आजादी की गवाह है। अंग्रेजों की पहली पसंद होने के साथ ही इस ट्रेन में कई फिल्म अभिनेताओं ने भी करियर की शुरुआत में सफर किया है।
एक सितंबर 1928 को गोल्डन टेंपल मेल के पहिए पटरी पर घूमे थे। इनके दौड़ने का सिलसिला बदस्तूर जारी है। आंधी-तूफान हो या बारिश गोल्डन टेंपल मेल कभी नहीं रुकी। दिल्ली-टपरी वाया मेरठ मंडल के साथ अंबाला-सहारनपुर डिवीजन की गोल्डन टेंपल मेल सबसे पुरानी ट्रेन है। स्टेशन अधीक्षक आरपी शर्मा ने बताया कि दिल्ली-टपरी रेलवे लाइन की गोल्डन टेंपल सबसे पुरानी ट्रेन है। यह देश आजाद होने और बंटवारे की भी गवाह कही जाती है।
फिल्मी सितारों और अंग्रेजों की थी पसंद
मूलरूप से पाकिस्तान में जन्मे मशहूर फिल्मी कलाकार पृथ्वीराज कपूर समेत अंग्रेज बोलार्ड पियर मोल की गोल्डन टेंपल मेल पहली पसंद थी। देश के बंटवारे से पहले सह गोल्डन टेंपल मेल अफगानिस्तान और पाकिस्तान के लाहौर से होते हुए मुुंबई सेंट्रल तक आती-जाती थी। इसलिए वर्ष 1934 में इसका नाम फ्रंटियर मेल भी पड़ा।
32 घंटे में करती है 1891 किमी सफर
दिल्ली-टपरी डिवीजन की सबसे पुरानी गोल्डन टेंपल मेल अप में 12903 तथा डाउन में 12904 नंबर से चलती है। 24 कोच वाली यह ट्रेन 1891 किमी का सफर 32 घंटे 15 मिनट अप और डाउन में 31 घंटे 55 मिनट में पूरा करती है। अप में 34 स्टॉप और डाउन में 35 स्टॉप पर रुकती है।
83 साल पहले मिला था एसी कोच
मुंबई सेंट्रल से अमृतसर तक जाने वाली इस ट्रेन को 83 साल पहले एसी कोच मिला था। देश में यह पहली एसी कोच वाली ट्रेन थी। साथ ही इसमें रेडियो सुनने की भी सुविधा दी गई थी।
इन बड़े शहरों का करती है सफर
मुंबई सेंट्रल, सूरत, बड़ौदरा, रतलाम, कोटा, गंगापुर सिटी, मथुरा, हजरत निजामुद्दीन, गाजियाबाद, मेरठ सिटी, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, अंबाला, लुधियाना और अंत में अमृतसर।
मुख्य बातें
फिल्मी एक्टर और अंग्रेजों की थी पहली पसंद गोल्डन टेंपल ट्रेन
एक सितंबर को दौड़ते हुए हो जाएंगे 89 साल
दिल्ली-टपरी रेलवे लाइन की सबसे पुरानी ट्रेन