लापता युवती के परिजनों ने थाना घेरा
युवती की बरामदगी और आरोपी युवक के खिलाफ की कार्रवाई की मांग की
हंगामा बढ़ता देख पुलिस ने लाठियां फटकार कर ग्रामीणों को दौड़ाया
अमर उजाला ब्यूरो
दौराला। थाना क्षेत्र के एक गांव से लापता हुई युवती के परिजनों एवं ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार देर रात दौराला थाने पहुंचकर युवती की सकुशल बरामदगी एवं आरोपी युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर घेराव कर हंगामा किया। पुलिस ने ग्रामीणों को काफी समझाया मगर नहीं मानने पर लाठियां फटकार कर दौड़ाया।
क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती बृहस्पतिवार सुबह लापता हो गई। परिजनों ने उसकी तलाश की मगर सुराग नहीं लगा। इस पर गांव के ही दो युवकों पर बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर युवती की तलाश शुरू कर दी। देर रात युवती के परिजन एवं ग्रामीणों ने सकुशल बरामदगी एवं आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर दौराला थाने का घेराव किया। पुलिस ने ग्रामीणों को कार्रवाई करने का आश्वासन देकर शांत करने का प्रयास किया परंतु वे नहीं माने। उन्होंने नारेबाजी कर दौराला थाने पर प्रदर्शन किया। इसकी जानकारी पाकर दौराला सीओ जितेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे परंतु ग्रामीणों ने उनकी भी नहीं सुनी। हंगामा बढ़ता देख पुलिस ने लाठियां फटकारकर ग्रामीणों को दौड़ाया। इसके बाद ग्रामीण वहां से चले गए। उन्होंने इसकी शिकायत एसएसपी से करने की चेतावनी दी है।
वर्जन
युवती की तलाश जारी है। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। उनको जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।-एसओ रितेश कुमार, दौराला