पहले पत्नी को पीटा फिर घर में आग लगा दी
पुलिस ने विद्युत निगम के संविदाकर्मी का शांतिभंग में चालान किया
अमर उजाला ब्यूरो
सरधना। मोहल्ला कमरानवाबान निवासी एक युवक विद्युत निगम में संविदाकर्मी के रूप में काम करता है।
उसकी बृहस्पतिवार रात पत्नी से कहासुनी हो गई। उसने पत्नी से मारपीट कर दी तथा मकान में आग लगा दी। मोहल्ले के लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने हंगामा कर रहे संविदाकर्मी को पकड़ लिया तथा थाने ले गई। आरोपी युवक का शुक्रवार को शांतिभंग की आशंका में चालान कर दिया।
मोहल्ला कमरानवाबान निवासी जावेद पुत्र असगर विद्युत निगम में संविदाकर्मी है। उसकी बीती रात में पत्नी से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इस दौरान उसने पत्नी से मारपीट की। इतना ही नहीं मकान में खुद ही आग लगा दी। इसकी लपटें उठती देख मोहल्ले के लोग दौडे़ और आग पर बमुश्किल काबू पाया। हालांकि तब तक काफी सामान जलकर नष्ट हो चुका था। वहीं, सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी जावेद को हिरासत में ले लिया। पुलिस उसे थाने ले गई। पुलिस ने शुक्रवार को जावेद का शांतिभंग में चालान कर दिया।