घरों से उद्योगों तक मिली बिजली चोरी, 135 केस पकड़े
मेरठ। पीवीवीएनएल के बिजली चोरी रोको विशेष अभियान के तहत बुधवार को पश्चिमांचल के सभी 14 जनपदों में ताबड़तोड़ छापेमारी की गई। कंपनी के एमडी आशुतोष निरंजन ने बताया कि विभागीय व विजिलेंस टीम ने अभियान के तहत कुल 1210 कनेक्शन चेक किए। इसमें 135 मामलों में सीधे बिजली चोरी होते मिली। टीम ने 741 प्रकरणों में रिपोर्ट दर्ज कराई है। 37.26 लाख रुपये का राजस्व निर्धारित किया गया है।
अधिकारियों से मिली रिपोर्ट के अनुसार मेरठ क्षेत्र में कुल 137 छापे मारे गए। यहां 20 प्रकरणों में सीधे बिजली चोरी होते मिली। एक मीटर टेंपर मिला। 105 प्रकरणों में एफआईआर दर्ज कराई गई और 1.23 लाख रुपये का राजस्व निर्धारित किया गया। गाजियाबाद क्षेत्र प्रथम में 579 कनेक्शन चेक किए गए। इसमें 51 प्रकरणों में बिजली चोरी मिली। 56 प्रकरणों में अनियमितता मिली। 98 प्रकरणों में रिपोर्ट दर्ज कराई गई और 5.90 लाख रुपये का राजस्व निर्धारित किया गया। गाजियाबाद क्षेत्र द्वितीय में 35 छापे डाले गए। 13 प्रकरणों में सीधे बिजली चोरी मिली। इन सभी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी गई। सहारनपुर क्षेत्र में 307 कनेक्शन चेक हुए। इसमें 15 मामलों में चोरी होते मिली। 124 प्रकरणों में अनियमितता मिली, 139 प्रकरणों में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। मुरादाबाद जोेन में 91 छापों में 30 मामलों में चोरी मिली। 72 प्रकरणों में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। नोएडा में 61 छापे मारे गए। इसमें 6 जगह चोरी मिली। एक मीटर टेंपर मिला। सात मामलों में रिपोर्ट दर्ज करा दी गई।
खास बातें:
पीवीवीएनएल के विद्युत चोरी रोको विशेष अभियान के अंतर्गत पश्चिमांचल में हुई छापेमारी
1210 कनेक्शन किए चेक, 135 में मिली बिजली चोरी, 741 के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज