मेरठ। माछरा ब्लॉक के गांव जई में 320 मीटर निर्माणाधीन नाले में घटिया सामग्री लगाने के आरोपों की जांच शनिवार को अफसरों ने मौके पर पहुंचकर की।
गांव जई निवासी फरियाद चौहान और गुलबहार ने जिला प्रशासन से नाले में घटिया किस्म की ईंटें, सीमेंट लगाने के अलावा पत्थर न लगाने की शिकायत की थी। शिकायत के आधार पर उप कृषि निदेशक सुरेंद्र चौधरी, जेई राजवीर सिंह, डिप्टी कृषि निदेशक ब्रह्म सिंह गांव में जांच के लिए पहुंचे। अफसरों ने ग्रामीणों से नाले की खुदाई कराई। इस दौरान पत्थर के रोडे़ गायब थे। वहीं, नाले की चारदिवारी के सीमेंट और घटिया किस्म की ईंटों के बारे मे जानकारी की।
54 के बजाय मिलीं 46 लाइट
ग्रामीणों की शिकायत पर सोलर लाइटों के बारे में प्रधान पति गुलजार से जानकारी की गई तो उसने बताया कि उसने गांव में 46 सोलर लाइट लगवाई गई हैं। जबकि गांव मे 54 सोलर लाइट लगने के लिए आई थीं। ग्रामीणों का आरोप है कि सोलर लाइट भी घटिया किस्म की लगी हैैं।
यह बोले अफसर
कृषि उप निदेशक सुरेंद्र चौधरी ने बताया कि जांच के बाद रिपोर्ट आला अधिकारियों को सौंपी जाएगी। जेई राजवीर सिंह ने बताया कि नाले की साइडों में मिट्टी का पुख्ता नहीं मिला। नाले की बाहरी दीवारों पर सीमेंट नहीं लगा हुआ है। प्रधानपति गुलजार ने बताया कि नाला निर्माण में घटिया सामग्री का इस्तेमाल नही किया गया। ये आरोप प्रधानी चुनाव की रंजिश के चलते लगाए जा रहे हैं।