मोदीपुरम। मुजफ्फरनगर निवासी जिला पंचायत सदस्य ने शनिवार दोपहर टोल प्लाजा पर टैक्स मांगने पर बखेड़ा कर दिया।
टोल कर्मी ने जब टोल शुल्क मांगा तो कार चालक ने खुद को जिला पंचायत सदस्य बताकर टोल देने से इंकार कर दिया। लेकिन टोल कर्मी भी शुल्क लेने पर अड़ गया। हंगामा होने पर पहुंचे टोल के सुरक्षाधिकारी मनिंदर विहान को पंचायत सदस्य ने लावड़ गांव की आईडी दिखाई। लेकिन वह भी जांच में फर्जी निकली। टोल कर्मियों ने बिना टैक्स लिए गाड़ी पास करने से इंकार कर दिया। काफी बहस के बाद पंचायत सदस्य टैक्स दिए बिना ही गाड़ी को वापस कर मुजफ्फरनगर की तरफ ले गया। सुरक्षाधिकारी के अनुसार कई कार सवार टोल पर फर्जी आईडी लेकर गुजरते है और लोकल की आईडी देकर टैक्स बचाते है। इस कार सवार ने खुद को मुजफ्फरनगर का जिला पंचायत सदस्य बताया। उसकी आईडी भी फर्जी निकली। गाड़ी को बिना टैक्स के नहीं निकलने दिया गया और वापस कर दिया गया।