मेरठ। खैरनगर स्थित हिंदुस्तान ट्रेडिंग कंपनी में रविवार आधी रात भीषण आग लग गई। शार्ट सर्किट से लगी आग पर काबू पाने के लिए दमकल की 10 गाड़ियां लगाईं गईं। दमकल कर्मियों ने 14 घंटे की मशक्कत के बाद सोमवार मध्याह्न तक आग पर काबू पाया। शोरूम मालिक ने एक करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान होने का दावा किया है।
इंस्पेक्टर कोतवाली यशवीर सिंह ने बताया कि प्रह्लाद वाटिका निवासी अंकुर गुप्ता का बुढ़ाना गेट के पास हिंदुस्तान ट्रेडिंग कंपनी के नाम से शोरूम है। जहां मेट, पर्दे, गद्दे, पीवीसी, वुडन और एग्रीकल्चर फ्लोरिंग का थोक का काम है। रविवार रात आठ बजे अंकुर कर्मचारियों के साथ शोरूम को बंद करके घर चले गए थे। रात करीब दो बजे शोरूम में आग लगने की सूचना पर अंकुर और पिता समेत दर्जनों लोग मौके पर पहुंचे। सूचना पर फायरब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचे। तीन मंजिला बिल्डिंग का शोरूम धू धू जल रहा था। भीषण आग पर काबू पाने के लिए दमकल कर्मी रात भर जुटे रहे। सोमवार शाम चार बजे तक आग को बुझाने में कामयाब हुए।
ग्राउंड फ्लोर से शुरू, तीसरी मंजिल तक पहुंची
शोरूम मालिक अंकुर गुप्ता ने बताया कि शोरूम के ग्राउंड फ्लोर में तीनों मंजिल की लाइट का कनेक्शन है। मीटर भी वहीं लगा है। ग्राउंड फ्लोर से आग लगनी शुरू हुई और तीसरी मंजिल तक फैल गई।
आसपास मची खलबली
तीन मंजिला शोरूम में आग लगी देख आसपास के इलाके में अफरातफरी मच गई। आसपास के लोग आग को बुझाने में फायरब्रिगेड की मदद करने में लगे रहे। शोरूम मालिक ने भी अपने कर्मचारियों को बुला लिया था। लेकिन आग की लपटें इतनी भयंकर थीं कि कोई भी अंदर घुसने की हिम्मत नहीं जुटा पाया।
58 चक्कर लगे दमकल गाड़ियों के
एफएसओ संजीव कुमार के मुताबिक फायरब्रिगेड की नौ गाड़ियां मेरठ से तो एक गाड़ी गाजियाबाद से मंगाई गई थी। आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को पानी जुटाने के लिए करीब 58 चक्कर लगाने पड़े। पुलिस लाइन के अलावा शहर के अन्य स्थानों से पानी की व्यवस्था की गई। शोरूम मालिक नुकसान के चलते सदमे में है। जांच के बाद आग का कारण स्पष्ट होगा।
आसपास की बिल्डिंगों में दरार
आग की लपटे इतनी भयंकर थी कि शोरूम के बराबर वाली बिल्डिंग में भी दरार आ गई। सिनेमा हॉल और कई मकानों में आग की गर्माहट होने पर अफरातफरी मच गई। रात में लोग घरों से बच्चों को लेकर बाहर आ गए। फायर कर्मियों ने शोरूम के आसपास के इलाके को सुरक्षित करने के लिए चारों तरफ से आग पर काबू पाने का प्रयास किया।
दिन भर प्रभावित रहा मार्ग
सोमवार सुबह होते ही पुलिस ने खैरनगर चौराहे पर रूट डायवर्जन कर दिया। खैरनगर से बुढ़ाना गेट की तरफ जाने वाले लोगों को दूसरे रूट से निकाला। दिन भर यह मार्ग प्रभावित रहा। पुलिस अफसरों के अनुसार तड़के तक पुलिस और फायरब्रिगेड ने आग को कवर कर लिया था। जिसके चलते शोरूम के अलावा किसी दूसरे भवन में नुकसान नहीं हुआ।
खास बात
2:00 बजे रविवार रात फैली आग लगने की खबर
14 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पाया जा सका काबू
- खैरनगर स्थित हिंदुस्तान ट्रेडिंग कंपनी में शार्ट सर्किट से लगी आग