दुष्कर्म के बाद महिला की हत्या
एसटीपी प्लांट के पास भरे पानी में मिला शव, नहीं हुई शनाख्त
अर्द्धनग्न अवस्था में था शव, शरीर पर मिले चोटों के निशान
अमर उजाल ब्यूरो
कंकरखेड़ा।
मेरठ-करनाल हाईवे पर स्थित एसटीपी प्लांट के पास भरे पानी में बृहस्पतिवार को एक महिला का शव मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस ने दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई है। फिलहाल शव की शनाख्त नहीं हो पाई है।
मेरठ-करनाल हाईवे स्थित न्यू सैनिक कॉलोनी में एसटीपी प्लांट लगा है। इसका पानी वहां पड़ी कई बीघा खाली जमीन पर जमा होता है। बृहस्पतिवार को सुबह करीब 10 बजे कुछ लोगों ने पानी में करीब 40 वर्षीय महिला का शव देखा। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। पुलिस के अनुसार महिला के शरीर पर चोटों के निशान मिले हैं। उसके कपड़े फटे थे। इससे प्रतीत होता है कि महिला ने हत्या करने वालों से संघर्ष किया होगा। साथ ही हत्या में कई लोग शामिल रहे होंगे। शव अर्द्धनग्न अवस्था में था। इस पर पुलिस ने दुष्कर्म की आशंका भी जताई। पुलिस का मानना है कि महिला से दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या की गई है। इंस्पेक्टर एपी मिश्रा का कहना है कि शव की हालत देखने से लग रहा है कि कई दिन पहले उसकी हत्या कर फेंका गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी। शव की अभी शिनाख्त नहीं हो पाई है।