एनएचएआई और टोल प्लाजा के अधिकारियों ने मिलकर की कार्रवाई
कार्रवाई के दौरान पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी रहे मौजूद
अमर उजाला ब्यूरो
मोदीपुरम । एनएच 58 हाईवे पर सर्विस रोड के निर्माण में बाधा बन रहे मकानों के ध्वस्तीकरण के लिए सोमवार को अभियान चलाया गया। इस दौरान दो दर्जन से अधिक मकानों और दुकानों को ध्वस्त किया गया। हालांकि ग्रामीणों ने ध्वस्तीकरण अभियान में सहयोग किया।
कार्रवाई के लिए एनएचएआई के साइट इंजीनियर रोहित शर्मा, टोलवे के मेंटीनेस अधिकारी ब्रजेश सिंह, रुट आपरेशन मैैनेजर राणा प्रताप सिंह के अलावा एसडीएम सरधना अमित कुमार भारतीय, सीओ दौराला जितेंद्र सरगम और थाना प्रभारी दौराला रितेश कुमार पुलिसफोर्स के साथ सोमवार सुबह सिवाया गांव पहुंचे। सर्विस रोड निर्माण में बाधा बन रहे मकानों और दुकानों को ध्वस्त करने की यह कार्रवाई देर शाम तक चली। इस दौरान गांव निवासी राजू, डॉ. सुरेंद्र, जगदीश, ओमी, शैलेंद्र, सुंदर, पूर्व प्रधान माटू, सतपाल सिंह समेत दो दर्जन से अधिक लोगों के मकानों व दुकानों को ध्वस्त किया गया। हालांकि कार्रवाई के दौरान कुछ स्थानों पर ग्रामीणों ने कार्रवाई का विरोध किया, लेकिन ग्राम प्रधान जितेंद्र सिवाया के हस्तक्षेप के बाद वे भी शांत हो गए और अभियान में सहयोग किया। टोलवे कंपनी के मेंटीनेस अधिकारी ब्रजेश सिंह ने बताया कि इन मकान स्वामियों को अतिक्रमण हटाने के लिए नोटिस दिए गए थे। जिसके बाद ध्वस्तीकरण की कार्रवाई को अंजाम दिया गया। हाईवे पर और भी कई स्थानों पर ध्वस्तीकरण का अभियान चलाया जाएगा।