पशुओं से भरा कैंटर पलटा, चार पशु मरे
मेरठ। परतापुर में दिल्ली रोड पर पशुओं से भरे कैंटर ने पीछे से रोडवेज बस में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही कैंटर पलट गया। कैंटर पर लदे चार पशुओं की मौत हो गई। जबकि बस में सवार छह यात्री भी चोटिल हुए हैं।
घटना बृहस्पतिवार दोपहर की है। सोहराब गेट डिपो की बस गाजियाबाद से मेरठ आ रही थी। बस परतापुर में दिल्ली रोड पर सीएनजी पंप के सामने पहुंची तो पीछे से तेज गति से आ रहे पशुओं से भरे कैंटर ने बस में टक्कर मार दी। जिससे कैंटर में लदीं चार भैंसों की मौत हो गई। घटना के बाद दिल्ली रोड का यातायात प्रभावित हो गया। परतापुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जाम खुलवाया। इंस्पेक्टर परतापुर ने बताया कि अज्ञात कैंटर चालक के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम में केस दर्ज किया गया है।
क्रेन से कैंटर हटाकर निकाले गए पशु
कैंटर में 24 पशुओं को ठूंस ठूंसकर भरा गया था। कैंटर पलटते ही कैं टर चालक और क्लीनर दोनों फरार हो गए। पशुओं को कराहता देख वहां से गुजर रहे लोगों ने कैंटर को उठाने की कोशिश की। लेकिन सफल नहीं हुए । बाद में मौके पर पहुंची परतापुर पुलिस ने क्रेन मंगाई और कैंटर को सीधा कराकर उसमें फंसे पशुओं को बाहर निकाला। पशु चिकित्सकों को बुलाकर घायल पशुओं का इलाज कराया।