100 साल की दादी ने कोरोना पर पाई विजय, परिजनों ने मनाया दादी मां का जन्मदिन
मेरठ। 100 साल की वृद्धा ने कोरोना से जंग जीत ली है। परिवार के सभी सदस्यों ने रविवार को वृद्धा का जन्मदिन मनाया। बीमारी के दौरान पूरे परिवार ने एकजुट होकर वृद्धा की सेवा की।
मूल रूप से बूढ़पुर रमाला (बागपत) निवासी दवा व्यापारी विक्रांत चौधरी वर्तमान में बाईपास एल्फा जी मेरठ -1 में रहते हैं। जिला पंचायत चुनाव के दौरान परिवार गांव में वोट डालने गया था। इस दौरान 100 साल पूर्ण कर चुकी दादी सरदार कौर पत्नि स्व. प्रताप सिंह शास्त्री और परिवार के अन्य सदस्य भी संक्रमित हो गए। पौत्र विक्रांत चौधरी सहित वधु, नीशू चौधरी ने दादी की पूरी सेवा की। दादी के ठीक होने पर रविवार को परिवार ने उनका 100 वां जन्मदिन मनाया। धुरेंद्र कुमार सिंह (सेवा निवृत पुलिस उपाधीक्षक) और पौत्र विक्रांत चौधरी ने बताया कि हर चुनाव में दादी सरदार कौर मतदान करती हैं। 19 अप्रैल को मतदान करने गांव बूढ़पुर गई थी। परिवार के सदस्यों में कोरोना के लक्षण दिखाई दिए तो सभी एंटीजन, आरटीपीसीआर टेस्ट कराए। सभी की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। करीब 15 दिन बहुत गम्भीर संकट तनाव में गुजरे। दृढ़ इच्छाशक्ति के दम पर 15 मई को परिवार के सभी सदस्यों की रिपोर्ट निगेटिव आई है।