- बार एसोसिएशन की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी की प्रथम बैठक संपन्न
संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। बार एसोसिएशन की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी वर्ष 2026-27 की बैठक में अधिवक्ताओं के कल्याण और सुविधाओं से जुड़े कुल 10 प्रमुख प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित किया गया।
आम सभा मंगलवार को बार एसोसिएशन के सभागार कक्ष में संपन्न हुई। अध्यक्षता एसोसिएशन के अध्यक्ष श्रीबल्लभ एडवोकेट और संचालन महासचिव महमपाल सिंह एडवोकेट ने किया। अधिवक्ताओं के कल्याण और सुविधाओं से जुड़े कुल 10 प्रमुख प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित किया गया।
जिसमें सभी अधिवक्ताओं के नए आईडी कार्ड बनवाने, महिला एवं पुरुष अधिवक्ताओं के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त शौचालय और वॉश बेसिन लगवाने, तहसील परिसर में एटीएम मशीन लगवाने के लिए जिलाधिकारी से वार्ता करने, अधिवक्ताओं के वाहनों के लिए आधिकारिक पास जारी करने, भैंसा टोल प्लाजा पर अधिवक्ताओं के वाहनों को पूरी तरह टोल फ्री कराने, बार हॉल की व्यवस्था को दुरुस्त करने और उसकी रंगाई-पुताई का कार्य कराने, अधिवक्ताओं द्वारा तीन माह की बकाया फीस जमा कराने, सुचारू वाहन पार्किंग व्यवस्था, तहसील कंपाउंड की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगवाने आदि प्रस्ताव पारित हुए।
कार्यकारिणी में वरिष्ठ उपाध्यक्ष रघुकुल तिलक एडवोकेट, संयुक्त सचिव (प्रशासन) कृष्णपाल एडवोकेट, मीडिया प्रभारी राजीव आर्य एडवोकेट, विशेष आमंत्रित सदस्य रूपचंद शर्मा एडवोकेट, राजकुमार सैनी एडवोकेट, राहुल कुमार एडवोकेट, संतरपाल सिंह एडवोकेट एवं राजकुमार प्रथम एडवोकेट को नियुक्त किया गया।