मोदीपुरम (मेरठ)। छठी वाहिनी पीएसी में अकाउंट ब्रांच में तैनात दरोगा लेखा डोलचा बालैनी बागपत निवासी मुकेश कुमार, पिंडौरा शामली निवासी सिपाही आशीष कुमार को 10 लाख के गबन का आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों ने अब तक क्या-क्या घोटाले किए हैं इसकी भी पीएसी के अधिकारी जांच पड़ताल कर रहे है। दोनों के बैंक खातों का स्टेटमेंट भी निकाला गया है।
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि मुकेश कुमार और आशीष ने साठ-गांठ कर तकनीकी माध्यमों से सरकारी धन का गबन किया है। जिसके चलते दोनों के खिलाफ पल्लवपुरम थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। मुकेश और आशीष को पुलिस ने गिरफ्तार कर पूछताछ की।
विज्ञापन
एसपी सिटी ने बताया कि 2019 में आशीष कुमार और मुकेश पीएसी में तैनात हुए थे। अकाउंट विभाग में तैनात थे। बताया गया है कि वेतन के जो बिल बनाकर भेजे जाते थे उसमें हेराफेरी कर आशीष ने तीन महीने तक तीन-तीन लाख व एक महीने 1.96 लाख अपने खाते में स्थानांतरण कराए। ऑडिट होने पर दस लाख से अधिक गड़बड़ी सामने आई तो मामले की जानकारी अधिकारियों को दी गई। जांच हुई तो मामला पकड़ में आ गया और दोनो आरोपी के खाते में रुपये ट्रांसफर होने की जानकारी सामने आई।
इस पर पीएसी अधिकारियों ने पल्लवपुरम पुलिस को मामले की जानकारी दी और तहरीर दी। पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर जांच में जुट गई है। दोनों आरोपियों के खातों का स्टेटमेंट भी निकाला गया जिसमें गबन की पुष्टि हो गई। एसपी सिटी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।