मेरठ के लिसाड़ीगेट थाना क्षेत्र के इस्लामाबाद में बेटी और पत्नी पर चाकू से हमला करने वाले घायल व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई। इससे पहले बेटी की इलाज के दौरान मौत हो चुकी है।
ये है मामला
एक व्यक्ति ने डिप्रेशन के चलते बकरीद के दिन बेटी और पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया था। हमलावर ने खुद को भी चाकू मारकर घायल कर लिया था। मंगलवार रात हमलावर पिता की इलाज के दौरान मौत हो गई।
इस्लामाबाद निवासी जुनैद लॉकडाउन में कारोबार ठप होने से कर्ज में डूब गया था। परिवार में कलह रहने लगी थी। इसी के चलते वह डिप्रेशन में चला गया। परिजन उसका इलाज करा रहे थे। 20 जुलाई को बकरीद पर जुनैद ने अपनी सात वर्षीय बेटी जरनैल व पत्नी रेशमा पर छुरी से ताबड़तोड़ वार कर दिए थे।
शोर सुनकर मौके पर पहुंचे जुनैद के परिवार वालों ने पुलिस को जानकारी दिए बिना ही तीनों घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां इलाज के दौरान जुनैद की बेटी जरनैल की मौत हो गई थी। घायल हमलावर जुनैद का आनंद अस्पताल में इलाज चल रहा था। मंगलवार रात जुनैद की मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।