दिल्ली के लिए निकले युवक के लापता होने के मामले में पिता राजेंद्र सिंह की तहरीर पर घोसी कोतवाली पुलिस ने सोमवार शाम तीन लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है। उन्होंने जमीन के विवाद में बेटे को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया है।
प्राथमिकी के अनुसार, दोहरीघाट थाना क्षेत्र के निबिहा गांव निवासी राजेंद्र सिंह ने बताया कि घोसी कोतवाली क्षेत्र के खनिगिहा गांव स्थित जमीन को लेकर शांति, विभीषण और विकास आए दिन जान से मारने की धमकी देते थे।
बीते 25 जून को उनका छोटा बेटा श्यामसुंदर सिंह दिल्ली जाने के लिए निकला था। उसे थानीदास चौराहा पर ऑटो में बैठाया गया था, लेकिन वह दिल्ली नहीं पहुंचा। उसी दिन से उसका कोई पता नहीं चल पा रहा है। उसके पास मोबाइल भी नहीं था, जिससे संपर्क किया जा सके।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रविंद्रनाथ राय ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।