मऊ जिले की घोसी कोतवाली क्षेत्र के कारीसाथ गांव में बुधवार शाम लगभग सात बजे क्रिकेट के विवाद में एक पक्ष की ओर से एक युवक ने फायरिंग कर दी। इस घटना में गोली किसी को नहीं लगी, लेकिन गांव में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी पाकर मौके पर पुलिस पहुंच गई, उसके पूर्व फायरिंग का आरोपी फरार हो गया। घटना को लेकर गांव में तनाव है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कारीसाथ गांव में मंगलवार को कुछ युवक क्रिकेट खेल रहे थे। इसी दौरान विवाद होने पर उनके बीच मारपीट हो गई। इसी बात को लेकर बुधवार शाम को दोनों पक्षों के युवकों के बीच फिर विवाद होने लगा। आरोप है कि इसी दौरान एक युवक ने तमंचे से फायरिंग कर दी।
यह संयोग ही रहा कि गोली किसी को नहीं लगी। फायरिंग से गांव में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने फायरिंग के आरोपी को दौड़ा लिया, लेकिन वह भाग निकलने में कामयाब हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस फायरिंग करने वाले की तलाश कर रही है।
पुलिस ने बताया कि क्रिकेट खेलने के दौरान हुए विवाद को लेकर फायरिंग की घटना हुई है। फायरिंग करने वाले की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।